कोरबा। कोरबा शहर की जर्जर और खराब सड़कों के स्थायी पुनर्निर्माण तथा सड़क निर्माण कार्यों में पारदर्शिता की मांग को लेकर श्यामनारायण सोनी ने नगर पालिक निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बारिश के दौरान सड़कों की खराब स्थिति से आम नागरिकों को होने वाली परेशानी और दुर्घटनाओं के खतरे का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कोरबा की कई प्रमुख सड़कों की स्थिति लंबे समय से खराब है। बारिश के बाद सड़कें और अधिक जर्जर हो जाती हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। राजगामार-रिस्दी, बालको-कोरबा, कुसमुंडा-कोरबा और उरगा सहित विभिन्न मार्गों के स्थायी सुधार की मांग की गई है।
श्यामनारायण सोनी ने सड़क निर्माण में खर्च होने वाली राशि और कार्यों की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने मांग रखी कि स्वीकृत राशि एवं कार्य का विवरण सार्वजनिक किया जाए, सड़क की लंबाई, चौड़ाई और निर्धारित मोटाई स्पष्ट की जाए तथा प्रत्येक कार्य की DPR/BOQ, SOR और निविदा संबंधी जानकारी जनता के सामने रखी जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि सड़क के साथ आवश्यक नाली एवं जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और समय से पहले सड़क खराब होने की स्थिति में संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय की जाए।
ज्ञापन में सोशल मीडिया एवं समाचार माध्यमों में प्रसारित सड़क निर्माण से संबंधित विज्ञापनों में स्वीकृत राशि और सड़क की लंबाई को लेकर भ्रम की स्थिति का भी उल्लेख किया गया है। मांग की गई कि शासन द्वारा अधिकृत एवं सही आंकड़े सार्वजनिक किए जाएं, ताकि जनता को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।

श्यामनारायण सोनी ने कहा कि जनता के पैसे से होने वाले सड़क निर्माण कार्यों में जनता को पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण सड़क का अधिकार है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि केवल घोषणा नहीं, बल्कि जमीन पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण दिखाई देना चाहिए।

ज्ञापन में स्पष्ट मांग रखी गई कि सड़क निर्माण की कार्ययोजना और समय-सीमा जनता के सामने रखी जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं होती है, तो आगे आंदोलन किया जाएगा।
JB News Korba, छत्तीसगढ़ — मनीष जायसवाल।
ऐसी ही स्थानीय और जनहित से जुड़ी खबरों के लिए JB News Korba को Subscribe करें, Like करें, Comment करें और खबर को Share जरूर करें।

















