कोरबा। कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र में कोरबा-चांपा मार्ग पर अडानी पावर प्लांट के गेट नंबर-1 के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय मुकेश कंवर के रूप में हुई है।
वह अडानी पावर प्लांट का कर्मचारी बताया जा रहा है। हादसे के बाद परिजनों ने मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर सड़क पर बैठकर विरोध किया। बाद में कंपनी और परिजनों के बीच सहमति बनने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
प्लांट से निकलते ही ट्रेलर ने लिया चपेट में
जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार रात हुआ। मुकेश कंवर प्लांट में ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि प्लांट से बाहर निकलते ही CG 10 BO 0492 नंबर के तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए और कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए।

एक सदस्य को नौकरी और तत्काल सहायता राशि देने पर पोस्टमार्टम हुआ
पुलिस ने समझाइश देकर खत्म कराया विरोध
सूचना पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व अन्य लोगों को समझाइश दी। कुछ समय बाद विरोध समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया।
मर्चुरी में भी मुआवजा और नौकरी की मांग
गुरुवार सुबह शव मर्चुरी में रखा था। इस दौरान परिजन मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और नौकरी देने की मांग पर अड़े रहे। इसके चलते काफी समय तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका।

दोपहर करीब 3 बजे कंपनी और परिजनों के बीच सहमति बनी। तय हुआ कि मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी। इसके अलावा शासन से मिलने वाली तात्कालिक सहायता राशि भी दी गई। वहीं कंपनी की ओर से मिलने वाली राशि पर भी सहमति बनी।
ट्रेलर जब्त, पुलिस ने शुरू की जांच
उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि हादसे के बाद परिजनों की मांगों को कंपनी ने पूरा किया। सहमति बनने के बाद शासन की ओर से तात्कालिक सहायता राशि दी गई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने ट्रेलर वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

















