कोरबा में अवैध खनन पर खनिज विभाग का शिकंजा, 54 प्रकरण दर्ज

Must Read

सीतामढ़ी से 11 और राताखार से 3 वाहन जब्त, 8.63 लाख रुपये से अधिक की वसूली

कोरबा। जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित खनिज उड़नदस्ता दलों ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच और कार्रवाई करते हुए सितंबर माह में अवैध खनिज परिवहन एवं उत्खनन के कुल 54 प्रकरण दर्ज किए हैं।

कार्रवाई के दौरान रेत, मिट्टी और चूना पत्थर के अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों को जब्त कर प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें सीतामढ़ी क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के मामले में 11 वाहन तथा राताखार में रेत के अवैध परिवहन के मामले में 3 वाहन जब्त किए गए हैं।

विभाग के अनुसार अवैध परिवहन से संबंधित 50 प्रकरणों में से 27 प्रकरणों का निराकरण कर 7 लाख 28 हजार 390 रुपये की राशि वसूलकर खनिज मद में जमा कराई गई है। शेष प्रकरणों में कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। वहीं मिट्टी और रेत के अवैध उत्खनन के 4 प्रकरणों में 1 लाख 34 हजार 756 रुपये की राशि वसूल की गई है।

इस तरह सितंबर माह में अवैध उत्खनन एवं परिवहन के कुल 54 प्रकरणों में 8 लाख 63 हजार 146 रुपये की राशि वसूल कर खनिज मद में जमा कराई गई है।

खनिज विभाग ने बताया कि कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है। विभाग द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम सहित अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -
Latest News

कृषक उन्नति योजना से मिली सहायता, खेती की जरूरतें पूरी कर पा रहे मनी प्रसाद

कोरबा 30 सितंबर 2026। जिले के पाली क्षेत्र के ग्राम जोरहाडबरी निवासी किसान मनी प्रसाद यादव के लिए खेती...

More Articles Like This