त्योहार के बीच लोग परेशान, बोरे और हैंडपंप के सहारे बुझ रही प्यास; नगर निगम से जल्द मरम्मत की मांग
कोरबा। शहर में सोनालिया फाटक के पास रेलवे अंडरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान नगर निगम की मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते संजय नगर, मोती सागर पारा सहित 3 से 4 वार्डों में जलापूर्ति प्रभावित होने की बात सामने आई है। त्योहार के बीच पानी की किल्लत से स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, जेसीबी से खुदाई के दौरान पाइपलाइन टूटने से क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बाधित हुई है। स्थिति यह है कि लोगों को अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करने के लिए बोर, हैंडपंप और पुराने कुओं पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
पूर्व पार्षद ने उठाया मामला
वार्ड क्रमांक 8 के पूर्व पार्षद सुफल दास महंत के मुताबिक, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण क्षेत्र के लोग कई दिनों से परेशानी झेल रहे हैं। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नगर निगम और संबंधित ठेकेदार से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।
जिम्मेदार विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग
जलापूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नगर निगम और संबंधित निर्माण एजेंसी से मांग की जा रही है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराकर पानी की आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर त्योहार के समय लोगों को पानी की समस्या से कब तक जूझना पड़ेगा और जिम्मेदार विभाग इस संकट को दूर करने के लिए कब ठोस कदम उठाएगा?















