कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसाबाड़ी चौक के पास स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर बीती रात मंदिर में रखी दान पेटी को निशाना बनाकर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मंगलवार सुबह सामने आने के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। चोरों के आने-जाने के रास्ते और संभावित सुरागों का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है।
बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने कैमरे बंद होने का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल दान पेटी में कितनी रकम थी और चोर कितनी नकदी लेकर गए हैं, इसका आकलन नहीं हो पाया है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल में हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
JB News Korba | मनीष जायसवाल















