कोरबा चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर कोरबा जिले के ऐतिहासिक माँ सर्वमंगला मंदिर में समापन दिवस पर भव्य धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की गई। मंदिर परिसर में महायज्ञ (हवन) के साथ विधिविधान से देवी आराधना की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।हवन के उपरांत कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव से किया गया। मंदिर समिति द्वारा आमंत्रित कन्याओं को भोजन कराया गया और उन्हें पूजन सामग्री एवं उपहार भेंट किए गए।


साथ ही, समस्त श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की भी व्यवस्था की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। नवरात्रि समापन पर भव्य जवारा विसर्जन यात्रा भी धूमधाम से निकाली गई। इस अवसर पर ढोल-नगाड़ों, DJ और पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं ने नृत्य करते हुए मां के जयकारे लगाए। पूरे मार्ग में धार्मिक उत्सव का माहौल देखने को मिला। समस्त कार्यक्रमों की देखरेख मंदिर समिति के प्रमुख प्रबंधक पं. नमन पाण्डेय (नन्हा महाराज) द्वारा की गई। वे पूरे समय आयोजन स्थल पर मौजूद रहकर श्रद्धालुओं का स्वागत व संचालन करते रहे। अंत में श्रद्धालुओं ने माँ सर्वमंगला से क्षेत्रवासियों के कल्याण, सुख-शांति और निरंतर समृद्धि की कामना की।

















