कोरबा। वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया आम जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बन चुके हैं। जनहित से जुड़े अनेक ऐसे मुद्दे, जिन्हें पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता, उन्हें डिजिटल मीडिया प्रमुखता से उठाकर समाज के सामने लाता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में डिजिटल मीडिया की इस भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
इस संबंध में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता धनेश कुमार सिंह ने कहा कि डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों और पोर्टल संचालकों को अपने कार्य के दौरान अनेक प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। कई बार जनहित के मुद्दे उठाने के कारण उन्हें अनावश्यक दबाव, विरोध अथवा कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसी परिस्थितियों में उनके अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एवं विधिसम्मत पत्रकारिता के अधिकारों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के नाम पर यदि कोई व्यक्ति अवैध वसूली, ब्लैकमेलिंग अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त है, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन जनहित में समाचार प्रकाशित करने या जनता की समस्याओं को सामने लाने वाले डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों को अनुचित रूप से परेशान करना अथवा दबाव में लेना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
धनेश कुमार सिंह ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि यदि डिजिटल मीडिया से जुड़े किसी पत्रकार, पोर्टल संचालक अथवा सोशल मीडिया प्रतिनिधि को जनहित में पत्रकारिता करने के कारण उसके विधिक अधिकारों के उल्लंघन, अनुचित दबाव या किसी अन्य गैरकानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है, तो वे ऐसे मामलों में निःशुल्क विधिक सहायता एवं पैरवी उपलब्ध कराने के लिए तत्पर रहेंगे। संबंधित व्यक्ति का मामला तथ्यों और कानून के आधार पर देखने के बाद नियमानुसार निःशुल्क कानूनी सहयोग प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में मीडिया के सभी माध्यमों का अपना महत्व है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए, न कि एक-दूसरे को कमजोर करने की भावना। डिजिटल मीडिया को भी सम्मान, निष्पक्षता और स्वतंत्र रूप से कार्य करने का समान अवसर मिलना चाहिए।
अंत में उन्होंने कहा कि जनहित की आवाज उठाने वाले किसी भी व्यक्ति को केवल इसलिए कानूनी या सामाजिक दबाव का सामना नहीं करना चाहिए कि वह डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता कर रहा है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और कानून के शासन की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जारीकर्ता: धनेश कुमार सिंह, अधिवक्ता, कोरबा (छत्तीसगढ़)















