कोरबा। सामुदायिक जागरूकता अभियान के अंतर्गत 31 अक्टूबर 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिलकेजा में मानसिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षित बचपन को लेकर संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी, मनोरोग विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. अशोक शाक्य एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) श्री पद्माकर शिंदे के निर्देशन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोरबा के सुरक्षित बचपन अभियान तथा बालकों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों से संबंधित विषयों पर जागरूकता प्रदान की गई। इस दौरान बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा ऐसे अपराधों के प्रति सतर्कता और जागरूकता के महत्व पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला न्यायालय की सचिव कु. डिम्पल एवं मनोरोग विभाग से साइको सोशल वर्कर (PSW) श्री ताराचंद श्रीवास उपस्थित रहे।
इस संयुक्त पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बच्चों को सुरक्षित वातावरण, उनके अधिकारों एवं संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करना रहा।















