कोरबा। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए नगर निगम की ओर से 40 ई-बसों के संचालन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दीपावली से पहले इन बसों का परिचालन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। लेकिन दूसरी ओर, दर्री स्थित प्रतीक्षा बस स्टैंड में खड़ी 48 पुरानी सिटी बसों की नीलामी अब तक नहीं हो सकी है।
केंद्र सरकार से स्वीकृत 40 ई-बसों के संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत 20 बसें नौ मीटर लंबाई वाली होंगी, जिन्हें शहर के प्रमुख मार्गों पर चलाया जाएगा। वहीं, सात मीटर लंबाई वाली 20 ई-मिनी बसें कॉलोनियों और संकरी सड़कों वाले इलाकों में संचालित की जाएंगी। इससे शहर के भीतरी क्षेत्रों तक सार्वजनिक परिवहन की पहुंच बढ़ने और यात्रियों को आवागमन के लिए बेहतर विकल्प मिलने की उम्मीद है। ई-बसों के संचालन से शहर की परिवहन व्यवस्था को नया स्वरूप देने की तैयारी है। बड़ी बसें मुख्य मार्गों पर यात्रियों को सुविधा देंगी, जबकि मिनी बसें उन इलाकों तक पहुंच बनाने में मदद करेंगी, जहां बड़ी बसों का संचालन कठिन होता है। इससे सार्वजनिक परिवहन का दायरा बढ़ाने में मदद मिल सकती है। नई बसों के संचालन की तैयारी के बीच पुरानी सिटी बसों की नीलामी का मामला लंबित है। निगम प्रशासन ने इन बसों को नीलाम करने का निर्णय लिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, ईएंडएम (इलेक्ट्रिकल एंड मैकेनिकल) विभाग के माध्यम से बसों की नीलामी के लिए दर निर्धारित की जा चुकी है। हालांकि, आवश्यक सरकारी अनुमति नहीं मिलने के कारण आगे की कार्रवाई रुकी हुई है।

















