अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने चेताया
विएना। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने कहा है कि ईरान के नतांज परमाणु संयंत्र पर इजरायली हवाई हमले के कारण संयंत्र के अंदर रेडियोधर्मी और रासायनिक संदूषण फैल गया है। ग्रॉसी ने आपातकालीन सत्र के दौरान कहा कि परिसर के बाहर विकिरण का स्तर स्थिर है, लेकिन संयंत्र के अंदर संदूषण पाया गया।
नहीं होगा विस्फोट या व्यापक रेडिएशनः
भारत के परमाणु ऊर्जा विभाग के पूर्व प्रमुख अनिल काकोडकर ने एक मीडिया को बताया कि नतांज जैसी परमाणु संवर्धन साइट पर संग्रहण से जुड़ी सावधानियों के कारण यहां परमाणु विस्फोट या व्यापक रेडिएशन का खतरा नहीं होता। यहां परमाणु सामग्री और विस्फोटकों को अलग-अलग रखा जाता है। इसलिए विस्फोट या रिसाव का ज्यादा खतरा नहीं होता, भले ही परमाणु सामग्री पर सीधा प्रहार हो। ऐसा इसलिए क्योंकि परमाणु विस्फोट को ट्रिगर करने के लिए बहुत सटीक प्रक्रियाओं का पालन करना पड़ता है और एक बहुत ही विशिष्ट शुरुआत की आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि सभी परमाणु हथियारों में आकस्मिक विस्फोट रोकने के लिए अंतर्निहित सुरक्षा तंत्र भी होते हैं। इसलिए, ईरान के परमाणु संयंत्रों पर इजराइली हमले से परमाणु विस्फोट या बड़ा विकिरण रिसाव होने की आशंका नहीं है, लेकिन संयंत्र के भीतर रिसाव हो सकता है।
आपको बता दें कि मैक्सार टेक्नोलॉजीज द्वारा जारी उपग्रह चित्रों में ईरान के खिलाफ इजरायल के ऑपरेशन राइजिंग लायन द्वारा किए गए हमले के दृश्य साक्ष्य सामने आए हैं। तस्वीरों में नतांज और फोर्डो में ईरान के भूमिगत यूरेनियम संवर्धन स्थलों को काफी नुकसान पहुंचा है।
मैक्सार ने दो तस्वीरें जारी की हैं। हाल ही में जारी की गई उच्च-रिजॉल्यूशन वाली उपग्रह छवियों में ईरान की प्रमुख परमाणु सुविधा में नुकसान और उसके परिणामस्वरूप होने वाले नुकसान की पहले और बाद की स्पष्ट तुलना दिखाई गई है।
ईरान और इजरायल के बीच दूसरे दिन शनिवार को भी मिसाइल और ड्रोन हमले जारी रहे, जिससे दोनों देशों को गंभीर नुकसान हुआ और पूरे वेस्ट एशिया क्षेत्र की शांति, अर्थव्यवस्था और आवाजाही प्रभावित हुई।

ईरान को अपने नागरिक और सैन्य ढांचे पर भारी नुकसान हुआ है, जिसमें परमाणु सुविधाएं और भूमिगत बैलिस्टिक मिसाइल साइटें भी शामिल हैं। इसके मुकाबले इजरायल में कम नुकसान हुआ है। हालांकि, राजधानी तेल अवीव में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों द्वारा हुआ विनाश दशकों में पहली बार देखा गया है।
इजरायली सेना ने तेहरान पर जोरदार हमला करते हुए उसकी शीर्ष सैन्य नेतृत्व को खत्म कर दिया और ईरान की सैन्य क्षमताओं को गहरी चोट दी। शुक्रवार सुबह से ही इजरायली लड़ाकू विमानों ने तेहरान और अन्य शहरों में लगातार बमबारी की, जिसमें न तो कोई विमान गिरा और न ही कोई पायलट मारा गया। इजरायली सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ़्रिन ने कहा कि इन हमलों में 200 फाइटर जेट्स ने करीब 100 ठिकानों को निशाना बनाया।
इसके जवाब में ईरान ने 100 से अधिक ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों की कई लहरें इजरायल पर दागीं, जो मुख्य रूप से सेंट्रल इजरायल पर केंद्रित थीं. अधिकारियों ने दावा किया कि इनमें से अधिकांश ड्रोन इजरायली सीमा में प्रवेश करने से पहले ही मार गिराए गए।















