शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज दायरे में तंबाकू बिक्री पर कड़ी कार्यवाही के दिए निर्देश*
कोरबा / जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने तथा तंबाकू मुक्त वातावरण बनाने हेतु जिला दंडाधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नशे की रोकथाम, तंबाकू नियंत्रण, नशा मुक्ति केंद्र के संचालन, जनजागरूकता तथा अवैध नशीले पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय पर नियंत्रण से जुड़े विषयों पर विभागवार चर्चा की गई।
कलेक्टर दुदावत ने जिले के तम्बाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान बनने हेतु शेष शैक्षणिक संस्थानों को भी शीघ्र तंबाकू मुक्त संस्थान बनाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने कहा। उन्होंने तंबाकू मुक्त घोषित सभी शैक्षणिक संस्थानों में ‘तंबाकू मुक्त संस्थान’ का बोर्ड प्रमुखता से प्रदर्शित करने निर्देश दिए। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने निर्देशित किया। उन्होंने जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्र का निर्धारित क्षमता के अनुरूप प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने की बात कही। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से नशा मुक्ति अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने तथा नियमित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने जिले में अवैध शराब एवं नशीले उत्पादों के निर्माण और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सतत निगरानी रखने तथा सूचना तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में महुआ शराब के अवैध निर्माण से जुड़े स्थानों संलिप्त लोगों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों तथा शैक्षणिक परिसरों में असामाजिक तत्वों द्वारा की जाने वाली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित निगरानी और कड़ी कार्रवाई करने निर्देशित किया।
कलेक्टर दुदावत ने नशे के विरुद्ध अभियान को जनसहभागिता से व्यापक स्वरूप देने पर जोर देते हुए विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर जागरूकता गतिविधियों को निरंतर संचालित करने तथा प्राप्त सूचनाओं पर तत्परता से आवश्यक कदम उठाने कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सहायक कलेक्टर इशांत जायसवाल, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

















