नई दिल्ली : दिल्ली में चुनावी समर जारी है, इसी बीच खबर है कि राजधानी दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग होनी है लेकिन उससे पहले ही यहां का राजनैतिक परिदृश्य अपने पूरे उफान पर है। आज जहां भाजपा ने अपनी सभाओं में आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है तो वहीं कांग्रेस की रैली में राहुल गांधी के भाषण में भी केजरीवाल और आप निशाने पर रही है। इसी बीच आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिल्ली स्थिति घर कपूरथला हाउस की तलाशी लेने के लिए EC की टीम पहुंच गई है।
रुपये बांटने की शिकायत पर पहुंची टीम :
इस मामले में चुनाव आयोग के अधिकारी का कहना है कि नगद रूपये बाँटने की शिकायत को लेकर चुनाव आयोग की टीम यहां पहुंची है। C Vigil app पर नगद बांटने की शिकायत मिली थी कि यहां नगद बांटा जा रहा है। इलेक्शन कमीशन के अधिकारी और दिल्ली पुलिस के अधिकारी कपूरथला हाउस के बाहर पहुंचे। चुनाव आयोग की टीम द्वारा कपूरथला हाउस को सर्च करने की मांग किये जाने की बात सामने आई है। लेकिन घर के अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गई। चुनाव आयोग की टीम ने पंजाब पुलिस के अधिकारियों से बात की है।
भाजपा के इशारे पर पंजाबियों को बदनाम किया जा रहा :
पंजाब से सीएम भगवंत मान ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर छापे की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा- आज दिल्ली पुलिस के साथ चुनाव आयोग की टीम दिल्ली में मेरे घर कपूरथला हाउस छापा मारने पहुंची है। दिल्ली के अंदर भाजपा वाले खुले आम पैसे बांट रहे हैं पर दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग को कुछ नहीं दिख रहा है। इस सब पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही। एक तरीके से दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर पंजाबियों को बदनाम कर रही है, जो बहुत ही निंदनीय है।
आतिशी ने कहा – दिल्ली वाले 5 तारीख़ को जवाब देंगे :
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर कर रेड की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि दिल्ली पुलिस भगवंत मान जी के घर पर रेड करने पहुंच गई है। भाजपा वाले दिन दहाड़े पैसे, जूते, चद्दर बांट रहे हैं- वो नहीं दिखता। बल्कि एक चुने हुए मुख्यमंत्री के निवास पर रेड करने पहुंच जाते हैं। वाह री भाजपा! दिल्ली वाले 5 तारीख़ को जवाब देंगे। इस तरह दिल्ली की राजनीति में छापे का मामला भी गर्मा गया है।















