कोरबा। राजस्व पटवारियों के समर्थन और राज्य के कर्मचारी-अधिकारियों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते के एरियर सहित भुगतान की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने गुरुवार को कोरबा में आक्रोश रैली निकालकर शासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जिला शाखा के बैनर तले आयोजित रैली में विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारी शामिल हुए। रैली पटवारियों के धरना स्थल से शुरू होकर घंटाघर चौक होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
फेडरेशन की दो सूत्रीय मांगों में राजस्व पटवारियों की जायज मांगों का समर्थन करते हुए उनके खिलाफ की गई दंडात्मक कार्रवाई को शून्य घोषित कर निरस्त करने तथा राज्य के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को केंद्रीय कर्मचारियों के समान देय तिथि से लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते का एरियर सहित भुगतान करने का आदेश जारी करने की मांग शामिल है।
रैली के बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोनों मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की गई। जिला मुख्यालय के अलावा जिले के विभिन्न विकासखंडों में भी तहसीलदार एवं एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन सौंपे गए।

कटघोरा एसडीएम के ज्ञापन लेने से इनकार पर जताई नाराजगी
फेडरेशन ने कटघोरा एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के दौरान हुए घटनाक्रम पर भी नाराजगी जताई। संगठन के अनुसार, कर्मचारी-अधिकारी जब अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम के समक्ष ज्ञापन देने पहुंचे तो एसडीएम ने ज्ञापन लेने से इनकार कर दिया और कार्यालय से अन्यत्र चले गए। इस घटनाक्रम से उपस्थित कर्मचारी-अधिकारियों ने असहज महसूस किया। फेडरेशन ने इसे कर्मचारियों की मांगों के प्रति प्रशासनिक संवेदनशीलता का सवाल बताया।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा व्यापक आंदोलन
फेडरेशन के जिला संयोजक डॉ. तरुण सिंह राठौर ने कहा कि कर्मचारी-अधिकारी शासन की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में अहम भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों को लंबे समय तक लंबित रखना और अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले पटवारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज की आक्रोश रैली शासन को कर्मचारियों की एकजुटता और नाराजगी का स्पष्ट संदेश है। यदि समय रहते दोनों मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो फेडरेशन आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा और व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
रैली में जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारी-अधिकारी, संबद्ध संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी शामिल हुईं। फेडरेशन ने शासन से कर्मचारियों की भावनाओं और जायज मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आदेश जारी करने की अपील की।
रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम में मिथिलेश वर्मा, ओमप्रकाश प्रधान, विपिन यादव, तरुण प्रकाश वैष्णव, गोरेलाल साहू, सर्वेश सोनी, केडी पात्रे, अनूप सिंह कोराम, पीपीएस राठौर, विनोद सांडेय, विजय जगत, प्रकाश खाकसे, प्यारेलाल चौधरी, आरके पांडेय, जय प्रकाश झा, राम कपूर कुर्रे, मानसिंह राठिया, कीर्ति लहरे, जय राठौर, चंद्रिका पांडेय, मुकुंद उपाध्याय, उत्तरा साहू, संतोष कर्ष, दिनेश सिंह, तुमेश्वर राठौर, सुरेश चौहान, विनय शुक्ला, शिवलाल भगत, समा परवीन, सुभद्रा चौहान, आभा नामदेव, प्रीति सिंह, दिनेश उपाध्याय, हेमंत सिंह, त्रिलोक सोनवानी, विवेक सिंह सहित सैकड़ों कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित रहे।















