रायपुर : छत्तीसगढ़ में रायपुर अभनपुर मेमू ट्रेन की शुरुआत 30 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जारिए हरी झंडी दिखाकर किया था , वहीँ अब करीब ढाई महीने से ज्यादा का वक्त बीत चुका है। इन ढाई महीनों में ट्रेन को कैसी प्रतिक्रिया मिल रही है? ट्रैन में सुविधाएं, यात्रियों का अनुभव कैसा इसकी जानकारी सामने आई है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर रायपुर से अभनपुर का टिकट एक व्यक्ति का किराया 10 रुपये है। फिर प्लेटफर्म नम्बर 7 से रायपुर अभनपुर मेमू ट्रेन में यात्री सवार हुए। ट्रेन के अंदर गिने चुने यात्री ही सवार थे, यह पूरी ट्रेन लगभग खाली थी। ट्रेन का स्वरूप भी बदला हुआ नजर आ रहा था। यह ट्रेन बिना सुविधाओं के थी, न ही इसमें मोबाइल चार्जिंग पॉइंट थे, न ही इसमें स्टेशन की जानकारी देने के लिए कोच में डिस्प्ले स्क्रीन लगी हुई थी। इसमें सीसीटीवी भी नहीं लगा हुआ था। हालाँकि यह कम बजट और कम दूरी की ट्रेन है, जिसको लेकर जरूरत महसूस नहीं की गई होगी।
सर्वसुविधायुक्त थी मोदी की मेमू ट्रेन :
जिस मेमू ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था, यह वह ट्रेन नहीं थी। उस ट्रेन में कई आधुनिक सुविधायें थीं। प्रत्येक कोच में अच्छा इंटीरियर, कुशन वाली सीटें, बड़ी बड़ी खिड़कियां, स्लाइडिंग दरवाजे और मोबाइल चार्जिंग सॉकेट उपलब्ध था। डिस्प्ले स्क्रीन और लाउडस्पीकर प्रत्येक कोच में लगाए गए थे, जो यात्रियों को स्टेशन की जानकारी देते थे। साथ ही ट्रेन में सीसीटीवी भी लगे हुये थे। हर ट्रेलर कोच में पर्यावरण-अनुकूल बायो-टॉयलेट्स की सुविधा थी।
10 रु किराया, यात्रियों को फायदा :
यात्रियों ने बताया कि यह ट्रेन लोगों की सहूलियत के लिए चलाई गई है, ट्रेन का फायदा मिल रहा है, लेकिन जिस दिन इस ट्रेन को शुरू किया गया था, वह ट्रेन सर्व सुविधायुक्त थी. उसमें सारी व्यवस्थाएं थी, वह नई ट्रेन थी, लेकिन अब जो मेमू ट्रेन चलाई जा रही है, वह दूसरी ट्रेन है। इसमें पहले जैसा तामझाम और सुविधा नहीं है, बावजूद इसके यात्री इस ट्रेन से खुश हैं। क्योंकि उन्हें रायपुर से अभनपुर के लिए मात्र ₹10 किराया देना पड़ रहा है, जो कि काफी कम है। अभनपुर से रायपुर के लिए भी ₹10 ही खर्च करने पड़ रहे हैं, जबकि पहले बस और अन्य साधनों से जाने के लिए उन्हें कहीं ज्यादा राशि खर्च करनी पड़ती थी।
समय में बदलाव और दूरी बढ़ाने से बढ़ सकती है यात्रियों की संख्या :
यात्रियों का कहना है कि शायद लोगों को इसकी जानकारी कम है, या फिर उनके समय के अनुसार यह ट्रेन नहीं चल रही है।इस वजह से यात्री कम मिल रहे हैं। वहीं कुछ यात्रियों ने इस ट्रेन को रायपुर से अभनपुर की जगह दुर्ग से राजिम तक चलाये जाने की मांग की है। इस मामले में यात्रियों का कहना है कि लंबी दूरी होने से ज्यादा यात्री मिलेंगे। वहीं कुछ यात्रियों का कहना है कि अभनपुर से यह ट्रेन सुबह 9 बजे से चलाई जाए, ताकि लोग 10:30 बजे तक रायपुर में काम पर पहुंच सकें। वहीं शाम के समय भी इस ट्रेन को लगभग 6:00 बजे रायपुर से चलाने पर ज्यादा यात्री मिल सकते हैं, क्योंकि यह वह समय होता है, जब लोग काम के लिए अभनपुर से रायपुर जाते हैं और फिर रायपुर से अभनपुर वापस लौटते हैं। ऐसे में इस ट्रेन को अच्छा प्रतिसाद मिल सकता है।
”छोटी लाइन ट्रेन की टाइमिंग से चलाएं तो बढ़ेगी संख्या”:
कुछ यात्रियों ने बताया कि जब पहले इस रूट पर छोटी लाइन की ट्रेन चलती थी तो उस दौरान इसी तरह के टाइमटेबल के अनुसार ट्रेन चलती थी। उस समय वह ट्रेन खचाखच भरी रहती थी। काफी लोग उस ट्रेन से आना-जाना करते थे, लेकिन वर्तमान में जो मेमू ट्रेन शुरू की गई है, इसमें यात्री बहुत कम हैं। वहीं कुछ यात्रियों ने बताया कि पहले उन्हें रायपुर से अभनपुर और अभनपुर से रायपुर बस से आना जाना पड़ता था. उस दौरान काफी ज्यादा किराया लगता था। वहीं उन्हें काफी असुविधा भी होती थी। पहले उन्हें अभनपुर की बस पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन से ऑटो पकड़कर पचपेड़ी नाका जाना पड़ता था, वहां से उन्हें अभनपुर की बस मिलती थी, जो कि काफी महंगा पड़ता था।
यात्रियों ने बताया कि रेलवे स्टेशन से पचपेड़ी नाका और पचपेड़ी नाका से अभनपुर के लिए उन्हें 100 से डेढ़ सौ रुपए तक खर्च करने पड़ते थे। उसके बाद भी उन्हें बैठने को सीट नहीं मिलती थी, साथ ही समय भी बहुत ज्यादा लगता था। इस ट्रेन के शुरू होने से उन्हें काफी सहूलियत हुई है। मात्र ₹10 में वे रायपुर से अभनपुर और फिर अभनपुर से रायपुर ₹10 की टिकट लेकर सफर कर सकते हैं। इस ट्रेन में वह आराम से सफर करते हैं। इसको लेकर यात्रियों ने काफी ख़ुशी जताई है। बच्चों ने भी इस ट्रेन का भरपूर आंनद उठाया। उनका कहना था कि आज ट्रेन में सफर करके काफी अच्छा लग रहा है। कुछ छात्रायें भी इसमें सफर करती नजर आईं। उनका कहना था कि यह ट्रेन काफी फायदेमंद है। इसमें किराया भी कम लगता है और सफर करने में अच्छा भी लग रहा है।
मेमू ट्रेन की टाइमिंग :
रायपुर से 9 बजे रवाना होकर 9:18 बजे मंदिर हसौद, 9:32 बजे सीबीडी, 9:50 बजे केंद्री और 10:10 बजे अभनपुर पहुंचती है। वापसी में अभनपुर से 10:20 बजे रवाना होकर 10.28 बजे केंद्री, 10.42 बजे सीबीडी, 11:00 बजे मंदिर हसौद और रायपुर में 11:45 बजे पहुंचेगी।
शाम को रायपुर से 4:20 बजे रवाना होकर 4.38 बजे मंदिर हसौद, 4.52 बजे सीबीडी, 5:10 बजे केंद्री और 5.30 बजे अभनपुर पहुंचेगी। वापसी में अभनपुर से 6:10 बजे रवाना होकर 6:18 केंद्री, 6.32 बजे सीबीडी, 6.45 बजे मंदिर हसौद और 7.20 बजे रायपुर पहुंचेगी।















