छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बालगृह के 9वीं और 11वीं कक्षा के दो छात्र 18 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। पांच दिन बाद भी अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। ये दोनों छात्र परीक्षा देने के लिए बालगृह के हाउसकीपर के साथ स्कूल गए थे, लेकिन परीक्षा खत्म होने से पहले ही दोनों छात्र बाहर निकल गए और फिर उनका कोई सुराग नहीं मिला।
बालगृह ने सिटी कोतवाली में दोनों छात्रों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। बालगृह प्रशासन और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। बतादें कि बालगृह कोरिया का संचालन किशोर न्याय बोर्ड प्रावधानों के तहत किया जा रहा है।
बालगृह प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, लापता छात्रों में पटना, बाजारपारा निवासी 11वीं कक्षा का छात्र गोलू कोरी (18 वर्ष) और जिला सूरजपुर के ग्राम करवां का रहने वाला 9वीं कक्षा का छात्र अंश कुमार साहू (15 वर्ष) शामिल हैं।
18 मार्च को दोनों छात्रों की परीक्षा हाई स्कूल बैकुंठपुर में दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक थी। बालगृह के कर्मचारी चंचल शेखर ने उन्हें परीक्षा दिलाने के लिए स्कूल छोड़ा था और परीक्षा समाप्त होने के बाद वापस लाने की जिम्मेदारी भी उनकी थी। लेकिन जब वह उन्हें लेने पहुंचे, तो दोनों छात्र वहां मौजूद नहीं थे।















