कोरबा। त्योहार और शादी-ब्याह के सीजन में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ी है, लेकिन इनके निर्माण और बिक्री में स्वच्छता व स्वास्थ्यकर मानकों की अनदेखी के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। कोरबा शहर और उपनगरीय क्षेत्रों के प्रतिष्ठानों में हाइजीन संबंधी खामियां मिलने से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम लोगों की सेहत को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम डेयरियों, मिठाई दुकानों और बाजारों में लगातार निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने ले रही है। साथ ही प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था की भी जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हाइजीन की अनदेखी का मामला 3 अक्टूबर को कोसाबाड़ी रोड स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स में सामने आया था। यहां टॉयलेट में बर्तन धोने की शिकायत/मामला सामने आने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने जांच की। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में खामियां पाए जाने पर विभाग की ओर से कार्रवाई की गई। यह मामला सामने आने के बाद खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थ तैयार करने की प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठे थे। इसके बाद 21 अक्टूबर को मुड़ापार बाजार के पास दीपक स्वीट्स एंड डेयरी में भी साफ-सफाई और हाइजीन संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया गया। विभाग ने निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर कार्रवाई की।दर्री क्षेत्र स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल नगर (जमनीपाली) स्थित लक्ष्मी डेयरी में शनिवार को ग्राहक को नाश्ते के साथ परोसे गए सांभर में कीड़ा मिला था। इससे स्पष्ट है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों का पालन अभी भी चुनौती बना हुआ है।खाद्य विभाग का कहना है कि मिलावटी या अशुद्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निरीक्षण और नमूना लेने की कार्रवाई लगातार जारी है। प्रतिष्ठानों में हाइजीन व्यवस्था की भी जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।सवाल यह है कि कार्रवाई के बावजूद खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों की अनदेखी आखिर कब थमेगी? क्योंकि मिठाई की गुणवत्ता से ज्यादा बड़ा सवाल अब उसे तैयार करने की जगह की स्वच्छता और लोगों की सेहत का बन गया है।
मिठाई खरीदते समय ग्राहक भी रहें सतर्क
लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच खाद्य सुरक्षा व्यवस्था के साथ उपभोक्ताओं की सतर्कता भी जरूरी है। मिठाई या अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय ग्राहक प्रतिष्ठान की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और निर्माण स्थल की स्वच्छता पर भी ध्यान दें।















