रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेंगी। उनके दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान शहर की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात रोका जाएगा। लोकभवन के आसपास 11 से अधिक सड़कों पर दो दिनों तक आवाजाही प्रभावित रहने की संभावना है। बैरिकेडिंग के साथ सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान एयरपोर्ट से लोकभवन और बूढ़ापारा स्थित इनडोर स्टेडियम तक आवाजाही के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। काफिले के गुजरने से पहले प्रमुख मार्गों पर करीब आधे घंटे तक वाहनों को रोका जा सकता है। इससे शहर के हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। शंकर नगर, सिविल लाइंस और बूढ़ापारा जैसे इलाकों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की आशंका है।
सुरक्षा में तैनात होंगे 2000 से ज्यादा जवान
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2000 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। आईजी, डीआईजी सहित वरिष्ठ अधिकारी भी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। जरूरत के मुताबिक दूसरे शहरों से भी पुलिस बल बुलाया जाएगा। राष्ट्रपति के काफिले के निर्धारित मार्गों पर बैरिकेडिंग की जाएगी और यातायात को वैकल्पिक रास्तों से संचालित किया जाएगा।
रायपुर से बस्तर भी जाएंगी राष्ट्रपति
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने के बाद लोकभवन जाएंगी। इसके बाद बूढ़ापारा इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी और रात्रि विश्राम रायपुर में करेंगी। अगले दिन सुबह बस्तर रवाना होंगी। वहां से लौटने के बाद शाम को दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी। इस कार्यक्रम के कारण 22 और 23 अक्टूबर को शहर के कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
इन प्रमुख रास्तों पर आवागमन होगा प्रभावित
पुराना पुलिस मुख्यालय से राजभवन चौक तक वाहनों की आवाजाही बंद रखी जाएगी। इस मार्ग के लिए कलेक्टोरेट चौक की ओर से वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध रहेगा। एलआईसी ऑफिस से सिविल लाइंस जाने वाली सड़क पर भी प्रतिबंध रहेगा, जबकि आयकर भवन के पास से वैकल्पिक मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।
राष्ट्रपति के इनडोर स्टेडियम जाने के दौरान राजभवन चौक से सप्रे शाला की ओर जाने वाले रास्ते पर काली माता मंदिर और महिला थाना क्षेत्र के आसपास यातायात रोका जा सकता है। वापसी के दौरान बूढ़ेश्वर चौक से राजभवन चौक के बीच महिला थाना और ओसीएम चौक की ओर यातायात प्रभावित रहेगा।
एयरपोर्ट जाने वालों को रखना होगा अतिरिक्त समय
माना एयरपोर्ट से लोकभवन तक राष्ट्रपति का काफिला वीआईपी रोड, एक्सप्रेस-वे, शंकर नगर ब्रिज और एसआरपी चौक से होकर गुजरेगा। काफिले की आवाजाही के दौरान इस मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से रोका जाएगा। लोकभवन से एयरपोर्ट वापसी के समय भी एसआरपी चौक, शंकर नगर और एक्सप्रेस-वे की ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
यात्रियों और आम नागरिकों के लिए सलाह है कि एयरपोर्ट जाने या शहर के इन इलाकों से गुजरने की योजना बनाते समय अतिरिक्त समय लेकर निकलें। घर से रवाना होने से पहले पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक ट्रैफिक एडवाइजरी और डायवर्जन की जानकारी जरूर जांच लें।















