शराब के नशे में घर में की तोड़फोड़, माता-पिता पहुंचे चौकी; कुछ घंटे बाद 22 वर्षीय युवक ने लगाई फांसी

Must Read

कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कदमहाखार बस्ती में शनिवार शाम एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवक शराब का आदी था और घटना से पहले नशे की हालत में उसने घर में जमकर तोड़फोड़ की थी। बेटे के व्यवहार से परेशान होकर उसके माता-पिता शिकायत लेकर मानिकपुर चौकी पहुंचे थे। इसी दौरान युवक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। कुछ घंटे बाद उसका शव कमरे में फंदे पर लटका मिला।

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर किया हंगामा

मृतक की पहचान अमित कुजूर पिता भूषण कुजूर (22) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अमित को शराब की लत थी और वह अक्सर नशे की हालत में घर पहुंचता था। शनिवार शाम भी वह शराब पीकर घर आया और माता-पिता से शराब खरीदने के लिए पैसे मांगने लगा।

पैसे देने से मना करने पर अमित गाली-गलौज करने लगा और मारपीट पर उतारू हो गया। इसके बाद उसने घर में रखी वाशिंग मशीन, सिलाई मशीन समेत अन्य घरेलू सामानों में तोड़फोड़ कर दी।

माता-पिता शिकायत लेकर पहुंचे मानिकपुर चौकी

बेटे के लगातार हंगामे और तोड़फोड़ से परेशान होकर उसके माता-पिता मानिकपुर चौकी पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिसकर्मी अमित के घर पहुंचे।

पुलिस के पहुंचने पर अमित ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास किया। बाद में स्थिति सामान्य होती नजर आने पर पुलिस वहां से वापस लौट गई।

कुछ घंटे बाद कमरे में मिला फंदे पर लटका शव

रात करीब 8 बजे परिजनों को कमरे के अंदर से किसी तरह की आवाज सुनाई नहीं दी। अनहोनी की आशंका होने पर पड़ोस के एक युवक को घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर भेजा गया। युवक ने कमरे का दरवाजा खोला तो अमित फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

- Advertisement -
Latest News

अपना पेट्रोल पंप बनाने की तैयारी में नगर निगम, 67.72 लाख का ई-टेंडर जारी

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा ने अपना पेट्रोल पंप स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए निर्माण कार्य...

More Articles Like This