कोरबा-कटघोरा। कटघोरा के श्याम ऑटो मोबाइल शोरूम से इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदना एक परिवार को भारी पड़ गया जब उनकी जान पर बन आई। शोरूम से नई गाड़ी लेकर घर जाते वक्त बमुश्किल 1 किलोमीटर बाद गाड़ी में अपने आप आग लग गई। गनीमत रही कि सवार व्यक्ति ने सूझबूझ दिखाकर पत्नी को नीचे उतार दिया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। देखते ही देखते इलेक्ट्रिक स्कूटी जलकर राख हो गई।
बताया जा रहा है कि शोरूम से निकलने के लगभग 1 किलोमीटर बाद ही स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते बैटरी में आग लग गई। पति ने तुरंत गाड़ी रोकी और पत्नी को नीचे उतारकर दोनों की जान बचाई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई थी।
नई गाड़ी में आग कैसे?
जब शोरूम से निकलते ही गाड़ी में आग लग सकती है तो कंपनी की गुणवत्ता और बैटरी सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। यदि यह आग घर के अंदर या भीड़-भाड़ इलाके में लगती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पीड़ित का कहना है कि शोरूम संचालक को नई गाड़ी बदलकर देनी चाहिए और हर्जाना भी।
पीड़ित ने श्याम ऑटो मोबाइल और संबंधित इलेक्ट्रिक कंपनी के खिलाफ थाने और उपभोक्ता फोरम में शिकायत करने की बात कही है।
यह जरूरी हो चला है कि इलेक्ट्रिक गाड़ी खरीदते समयबैटरी की वारंटी, कंपनी का ISI सर्टिफिकेट और फायर सेफ्टी जरूर जांच लें।

















