कोरबा | जेबी न्यूज़ (मनीष जायसवाल)
कोरबा में चल रही धार्मिक कथा के दौरान एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। कथा स्थल पर भारी भीड़ उमड़ी हुई थी और सुरक्षा के लिहाज से 64 से अधिक CCTV कैमरे भी लगाए गए थे, लेकिन इसके बावजूद असामाजिक तत्वों ने मौके का फायदा उठा लिया।
जानकारी के अनुसार, बांकीमोंगरा क्षेत्र की रहने वाली महिला अमिता पंडित अपने पड़ोसियों के साथ कथा सुनने पहुंची थीं। कथा समाप्त होने के बाद जैसे ही वे पंडाल से बाहर निकलीं, भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने का हार पार कर दिया।

स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। लाउडस्पीकर और बैनरों के माध्यम से लगातार लोगों को सतर्क किया जा रहा है। पुलिस ने अपील की है कि श्रद्धालु अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करें, अजनबियों से सावधान रहें और कथा स्थल पर सोना या अन्य कीमती सामान पहनकर आने से बचें। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंच रहे हैं। जहां एक ओर ‘जय श्री राम’ और ‘हनुमान जी’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है, वहीं चोरी की लगातार घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की बात कही जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में धार्मिक आयोजन का लाभ उठा सकें।















