4 सस्पेंड: संजय पार्क हिरण मौत मामला: 4 कर्मचारी निलंबित, रेंजर को नोटिस, वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

Must Read

अंबिकापुर के संजय पार्क में कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की मौत के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं संबंधित रेंजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

अंबिकापुर 22 मार्च 2026।  संजय पार्क में हिरणों की मौत के मामले में अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। वन विभाग की ओर से बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि संबंधित रेंजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस पूरे घटनाक्रम ने वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिप्टी रेंजर अशोक कुमार सिन्हा, वनपाल ममता पोर्ते, वनपाल प्रतिमा लकड़ा और बीट गार्ड फुलमनी सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। इसके साथ ही रेंजर अक्षपलक ऋषि को कारण बताओ नोटिस जारी कर पांच दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक स्तर से की गई है।

गौरतलब है कि हाल ही में संजय पार्क में एक गंभीर घटना सामने आई थी, जहां बाड़े में रखे गए हिरण और कोटरी पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया था। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर बाड़े का गेट खुला रह गया था, जिससे 4 से 5 कुत्ते अंदर घुस गए और उन्होंने जानवरों पर हमला कर दिया। इस हमले में करीब 15 हिरणों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पार्क परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

मामले को और गंभीर तब माना गया जब घटना के बाद कथित तौर पर इसे दबाने की कोशिश की गई। सूत्रों के अनुसार, मृत जानवरों के शवों को पार्क के पीछे जंगल में ले जाकर चुपचाप जला दिया गया, ताकि मामला सार्वजनिक न हो सके। हालांकि, बाद में उस स्थान से अवशेष मिलने की बात सामने आई, जिससे पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया कि वहां से खून से सना एक धारदार हथियार भी बरामद हुआ, जिससे घटना के पीछे अन्य संभावनाओं की भी जांच की जा रही है।

इसके अलावा, यह आरोप भी सामने आया है कि संजय पार्क में हिरण और कोटरी को रखने के लिए आवश्यक अनुमति Central Zoo Authority से नहीं ली गई थी। यदि यह आरोप सही साबित होता है, तो यह नियमों के गंभीर उल्लंघन के साथ-साथ प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा मामला बन सकता है।वन विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई को शुरुआती कदम माना जा रहा है। विभागीय जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

- Advertisement -
Latest News

कला और करुणा का ऐतिहासिक संगम: “मैं अनिकेत हूँ” नाटक ने कोरबा में रचा नया कीर्तिमान

रोटरी क्लब कोरबा एवं महाराष्ट्र मंडल कोरबा के संयुक्त आयोजन से निर्धन प्रतिभावान बच्चों की उच्च शिक्षा हेतु जुटी...

More Articles Like This