कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में करेफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी सुचारू रूप से शुरू हो चुकी है। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि धान खरीदी जैसी आवश्यक सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही, बाधा या शासन के निर्देशों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसी क्रम में आज कलेक्टर के निर्देश पर धान उपार्जन केंद्र छुरीकला के समिति प्रबंधक अशोक कुमार दुबे और निरधी (पाली ब्लॉक) के समिति प्रबंधक नरेन्द्र कश्यप के खिलाफ एस्मा उल्लंघन के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। दोनों पर ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और खरीदी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप हैं।
शासन ने धान खरीदी प्रक्रिया को बाधारहित रखने के लिए सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल पर सख्त रुख अपनाते हुए छत्तीसगढ़ आवश्यक सेवा संरक्षण एवं विच्छिन्नता निवारण अधिनियम, 1979 (एस्मा) लागू किया है। इसके तहत बिना वारंट गिरफ्तारी का भी प्रावधान है। प्रशासन पहले ही स्पष्ट चेतावनी दे चुका था कि खरीदी कार्य में बाधा डालना दंडनीय अपराध होगा।
सरकार के आदेश अनुसार, पूरी धान खरीदी अवधि के दौरान उपार्जन कार्य में लगे सभी कर्मचारियों पर एस्मा लागू रहेगा। निर्धारित ड्यूटी स्थल पर अनुपस्थित रहना या कार्य से इंकार करना अधिनियम का सीधा उल्लंघन माना जाएगा।
कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि धान खरीदी किसानों की आजीविका से जुड़ी बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए किसी भी परिस्थिति में इसे प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी समितियों में वरिष्ठ अधिकारियों, कृषि विकास अधिकारियों, सहकारिता निरीक्षकों और अन्य कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित कर दी गई है। साथ ही प्रत्येक उपार्जन केंद्र के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
कोरबा जिले में अब तक धान खरीदी प्रक्रिया पूर्णतः सुचारू बताई जा रही है और प्रशासन की सख्ती के बाद केंद्रों में व्यवस्था बेहतर होने की पुष्टि भी की जा रही है।















