कोरबा: दरी रोड के व्यापारी असुरक्षित, छेड़छाड़, मारपीट व चोरी की बढ़ती घटनाओं से दहशत, सुरक्षा की उठी मांग देखिए विडिओ

Must Read

कोरबा। शहर के दरी रोड क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। इसी को लेकर दरी रोड व्यापारी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए गए।

व्यापारियों का कहना है कि दरी रोड इलाके में छेड़छाड़, मारपीट, धमकी, अवैध वसूली, आए दिन चोरी और वाहनों में आगजनी जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। इन हालातों में व्यापारी न केवल अपने व्यापार को लेकर चिंतित हैं, बल्कि अपने परिवार और ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर भी डरे हुए हैं।

व्यापारी संघ के अध्यक्ष गजानंद अग्रवाल ने विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि व्यापारी शांति से अपना व्यापार करना चाहते हैं, लेकिन लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई बड़े स्कूल स्थित हैं, जहां बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता बनी हुई है। आए दिन छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे अभिभावकों में भी डर है।

व्यापारियों ने बताया कि दो दिन पहले ही एक बड़ी घटना में एक कार को आग के हवाले कर दिया गया था। हालांकि इस मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है।

बैठक में व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि दरी रोड क्षेत्र में नियमित और सख्त पुलिस गश्त शुरू की जाए, ताकि आपराधिक घटनाओं पर लगाम लग सके। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, जिससे व्यापारी और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

दरी रोड व्यापारी संघ ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द ही सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए, तो व्यापारी वर्ग आंदोलन के लिए भी मजबूर हो सकता है।

- Advertisement -
Latest News

युद्ध की आंच का असर छत्तीसगढ़ तक, फल-सब्जी कारोबार को 450 करोड़ रुपये का भारी नुकसान

दुर्ग भिलाई और रायपुर की फल मंडियों में इन फलों के दाम औधें मुंह गिर गए हैं। पिछले साल...

More Articles Like This