कोरबा में सड़क हादसों का कहर, तीन बाइक सवार बाल-बाल बचे

Must Read

  कोरबा जिले में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन बाइक सवारों की जान जाते-जाते बची। दोनों ही घटनाओं में हेलमेट और समय पर ब्रेक लगना जीवनरक्षक साबित हुआ। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पहली घटना बालको थाना क्षेत्र के दर्री मुख्य मार्ग स्थित डेम चौक के पास हुई। यहां सुबह तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक मोपेड और दूसरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। मोपेड सवार व्यक्ति मछली बेचने जा रहा था। टक्कर के बाद उसकी मोपेड ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गई और वह खुद भी पहियों के बीच गिर गया, लेकिन किसी तरह जान बच गई।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार युवक ट्रेलर से टकराने के बाद दूर जा गिरा। उसने हेलमेट पहन रखा था, जिससे गंभीर चोट से बचाव हो सका। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के कनकी गांव के पास की है। यहां एक बोरवेल वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। युवक पतोरा का निवासी बताया जा रहा है, जो कोरबा से काम निपटाकर घर लौट रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बोरवेल वाहन के नीचे आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
युवक भी पहियों के नीचे आ गया था, लेकिन चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिया, जिससे उसकी जान बच गई। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

- Advertisement -
Latest News

महतारी वंदन योजना : हितग्राहियों का ई-केवाईसी 03 अप्रैल से

जांजगीर-चांपा 3 अप्रैल 2026/ महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को प्रत्येक माह राशि निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके,...

More Articles Like This