लूट खसोट कर छत्तीसगढ़ को खोखला बनाने की साजिश
कोरबा। छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक अमित जोगी ने आज पत्रकारवार्ता लेकर छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जमकर तारीफ की। छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों के हाथ-पैर बांध दिए गए हैं और गांधी जी के तीन बंदर के समान हो गए हैं, जो न बोल सकते हैं, न देख सकते हैं और न ही सुन सकते हैं। आज बालको में कुछ मांगों को लेकर कोरबा आया हूं, लेकिन बालको परिवार में गमी होने के कारण मैं सिर्फ 20 साल पहले अजीत जोगी जी जिस खटिया में सीईओ के बगल में बैठकर आंदोलन किया था, वह खटिया आज भी निर्मलकर जी के पास सुरक्षित है और खटिया लेकर बालको जा रहा हूं। हमारी मुख्य तीन मांगे हैं, जिसमें आऊटसोर्सिंग बंद हो और स्थानीय को बालको में रोजगार दिया जाए। एटीएस कर्मचारियों की 12 प्रतिशत वेतनवृद्धि को काटकर 8 प्रतिशत कर दिया गया है, पुरानी 12 प्रतिशत वेतनवृद्धि को तत्काल बहाल करें। ईएसआईसी से बाहर किए गए मजदूरों को बालको अस्पताल में ईलाज की सुविधा दी जाए। ये तीनों मांगें एक महीने में पूरी करें, नहीं तो एक माह बाद फिर आऊंगा, खटिया खड़ी करने। अमित जोगी ने इसके अलावा पांच मांगें और गिनाई।
जनता जागरूक नहीं हुई तो छत्तीसगढ़ बन जाएगा अदाणीगढ़
अमित जोगी ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि छत्तीसगढ़ का हर संस्थान धीरे-धीरे अदाणी गु्रप का हो जाएगा। जनता को जागरूक होना पड़ेगा, नहीं तो छत्तीसगढ़ अदाणीगढ़ हो जाएगा और लूट-खसोट कर छत्तीसगढ़ को खोखला कर दिया जाएगा। यह साजिश रची जा रही है। ऐसा ही हाल रहा तो छत्तीसगढ़िया अदाणी का गुलाम बन जाएगा।
छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के बारे में प्रश्न पूछने पर जवाब में अमित जोगी ने कहा कि यहां सरकार नाम की कुछ चीज होती तो उसके बारे में बताता। यहां के मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों के हाथ-पैर बांध दिए गए हैं। ये गांधी जी के तीन बंदर के समान हो गए हैं, जो न बोल सकते, न सुन सकते और न ही देख सकते हैं।
यहां की भाजपा सरकार को गुजरात के तीन व्यक्ति चला रहे हैं। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि जागो और छत्तीसगढ़ को छत्तीसगढ़ ही रहने दो, अदाणीगढ़ बन जाएगा तो छत्तीसगढ़िया गुलाम बन जाएगा और छत्तीसगढ़ की सम्पदा को लूट-खसोट कर खोखला बना दिया जाएगा।
भाजपा की तुलना ईस्ट इंडिया कम्पनी से
अमित जोगी ने भाजपा को ईस्ट इंडिया कम्पनी से तुलना की और कहा कि यहां धर्म के नाम पर लोगों को बांटा जा रहा है और सम्पदा को लूटा जा रहा है। भारत एक लोकतांत्रिक देश है, जहां सभी धर्मों को बराबर स्वतंत्रता दी गई है। भाजपा संविधान को नष्ट करने पर तुली हुई है।
भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े फाइटर
अमित जोगी ने जहां भाजपा सरकार पर हमला बोला, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जमकर तारीफ की और भूपेश बघेल को छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा फाइटर बताया।
एक प्रश्न के जवाब में कहा कि मैं और मेरी माँ कांग्रेस में जनता कांग्रेस जोगी को विलय के लिए प्रदेश संगठन को आवेदन कर चुके हैं, लेकिन वे फोन तक नहीं उठाते। हम सोनिया गांधी से मिलकर अपनी बात रख सकते हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि प्रदेश संगठन इस पर पहल करे, क्योंकि हमें छत्तीसगढ़ में कांग्रेस से मिलकर चलना है।
छत्तीसगढ़ियों के हक के लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा
अमित जोगी ने कहा कि हम सभी सार्वजनिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ जंग जारी रखेंगे, जो छत्तीसगढ़ियों की उपेक्षा कर आऊटसोर्सिंग से अपनी कम्पनी चला रहे हैं। यहां का हर प्रतिष्ठान छत्तीसगढ़ का है, और रहेगा। हम बाहरी लोगों की भर्ती के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेंगे और छत्तीसगढ़वासियों को उनका अधिकार दिलाने के लिए सड़क की लड़ाई लड़ते रहेंगे।















