कोरबा। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के अंतर्गत वर्षों से चली आ रही भ्रष्टाचार की समस्याओं को समाप्त कर ग्रामीण श्रमिकों के हितों की प्रभावी रक्षा के उद्देश्य से ‘वीबी जी राम जी योजना’ लागू की गई है। योजना की जानकारी आम जनता तक पहुँचाने के लिए कोरबा में जिला स्तरीय जन जागरण सम्मेलन का आयोजन टी.पी. नगर स्थित आशीर्वाद भवन में किया गया।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बिलासपुर संभाग प्रभारी श्री रामू रोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, जिला प्रभारी श्री अनिल केसरवानी, सह प्रभारी श्री बृजेंद्र शुक्ला, कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल एवं कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की गरिमामय उपस्थिति रही।
ग्राम विकसित होगा, तभी राष्ट्र होगा मजबूत – रामू रोहरा
बिलासपुर संभाग प्रभारी श्री रामू रोहरा ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि जब ग्राम विकसित होगा, तभी राज्य और राष्ट्र विकसित होगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकसित भारत जी राम जी योजना’ को अधिनियम के रूप में लागू किया है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत मनरेगा की खामियों को दूर कर कार्य दिवस बढ़ाए गए हैं, निगरानी व्यवस्था मजबूत हुई है और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर – लखनलाल देवांगन
उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि यह योजना केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रमिकों के सम्मान, समय पर मजदूरी और विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी की गारंटी है। उन्होंने इसे ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य पूरा करना हम सबकी जिम्मेदारी – गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मोदी ने कहा कि कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को समाप्त कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जी राम जी योजना विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत आधार है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, प्रदेश मंत्री सुश्री रितु चौरसिया, जोगेश लांबा, नरेन्द्र देवांगन, पवन गर्ग, अशोक चावलानी, हितानंद अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजय शर्मा ने किया।
सम्मेलन के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने वीबी जी राम जी योजना को जन-जन तक पहुँचाने, भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और ग्रामीण श्रमिकों को उनके अधिकार दिलाने का संकल्प लिया।















