Sunday, February 15, 2026

जांजगीर में पुलिस- बदमाश मुठभेड़, पुलिस फायरिंग में बदमाश के पैर में लगी गोली, 8 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड रामनाथ घायल, 5 जगह डकैती और हत्या के प्रयास करने वाला गिरोह बेनकाब…देखिए विडिओ

Must Read
  • जांजगीर में पुलिस- बदमाश मुठभेड़, पुलिस फायरिंग में बदमाश के पैर में लगी गोली,
  • 8 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड रामनाथ घायल, 5 जगह डकैती और हत्या के प्रयास करने वाला गिरोह बेनकाब…

जांजगीर-चांपा जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले दुर्दांत बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें गिरोह का मास्टरमाइंड रामनाथ पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। आरोपी ने घेराबंदी से निकलने के लिए देशी कट्टे से पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

पुलिस के अनुसार 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात थाना पामगढ़ और शिवरीनारायण क्षेत्र में कुल 5 स्थानों पर लूटपाट, मारपीट और हत्या के प्रयास की घटनाएं हुई थीं। इन वारदातों में 13 आम लोग घायल हुए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है और वे बिलासपुर व रायपुर के अस्पताल में भर्ती हैं, वहीं एक घायल कोमा में बताया जा रहा है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नौवें आरोपी रामनाथ को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में पकड़ा गया। यह गिरोह रॉड, लोहे के पाइप, डंडे और बेल्ट से राहगीरों पर जानलेवा हमला कर लूटपाट करता था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।

थाना शिवरीनारायण के मामलों में कचंदा, बोईदा और बोर्ड गांव के कई लोग घायल हुए, जिनमें मुकेश रायसागर और अमन बंजारे की हालत गंभीर है। वहीं थाना पामगढ़ क्षेत्र में सोनसरी, खोखरी, बारगांव और भवतरा सहित अन्य गांवों में भी हमले की घटनाएं सामने आईं, जिनमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 4 स्टील रॉड, 2 डंडे, बेल्ट, 4 मोटरसाइकिलें, 1 स्कूटी, 10 मोबाइल फोन, लूटे गए मोबाइल और नगद राशि सहित कुल ₹4,09,000 की संपत्ति जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों में निखिल टंडन, मनीराम गोंड, नरेश यादव, रोशन टंडन, आयुष रात्रे सहित दो विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ शिवरीनारायण और पामगढ़ थानों में दर्ज अपराधों के तहत गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनसान और अंधेरे रास्तों पर मोटरसाइकिल से घूमते थे और राहगीरों को रोककर सीधे सिर पर प्राणघातक वार कर गंभीर रूप से घायल करते थे, फिर मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो जाते थे। लगातार एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम देकर क्षेत्र में भय का माहौल फैलाना इनका मुख्य उद्देश्य था। पुलिस की इस आक्रामक और सख्त कार्रवाई से जांजगीर-चांपा जिले में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं और आम जनता ने राहत की सांस ली है।

- Advertisement -
Latest News

एक्सीडेंट से दोहरा सदमा: रॉन्ग साइड से ट्रेलर घर के आंगन में घुसने से बर्तन धो रही गर्भवती महिला की मौके पर मौत, ग्रामीणों...

कोरबा। हरदीबाजार के मुड़ापार बाजारपारा में रॉन्ग साइड से आए ट्रेलर के सड़क किनारे घर के आंगन में घुसने...

More Articles Like This