दुर्ग। तीजन बाई की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है। उन्हें न्यूरो सर्जरी वार्ड के आईसीयू में रखा गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक करीब 70 वर्षीय तीजन बाई वर्ष 2024 से लकवे की बीमारी से पीड़ित हैं। पिछले करीब 20 दिनों से उनकी तबीयत ज्यादा खराब बताई जा रही है और वे केवल जूस व फलों के सहारे ही रह रही थीं। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें रायपुर एम्स में भर्ती कराया।
बताया जा रहा है कि हाल ही में नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान भी उनके परिजनों से तीजन बाई के स्वास्थ्य को लेकर चर्चा की गई थी। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
गौरतलब है कि तीजन बाई ने छत्तीसगढ़ की लोककला पंडवानी को देश-विदेश में नई पहचान दिलाई है। वे कपालिक शैली की प्रमुख कलाकार हैं और अब तक करीब 17 देशों में अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं। उन्हें पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।















