कोरबा। 33/11 केवी सब स्टेशन ऑपरेटर के ईपीएफ और ईएसआईसी को दो साल बाद भी जमा नहीं कराया गया है। जिसे लेकर जिले भर के सभी सब स्टेशन ऑपरेटर ने मोर्चा खोल दिया है। आंदोलन कर रहे कर्मचारियों ने बुधवार को पैदल रैली निकाली। उन्होंने प्रशासन के नाम तहसीलदार बजरंग साहू को ज्ञापन सौंपते हुए मांग पूरी करने गुहार लगाई है।
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत आने वाले कोरबा जिले के 33/11 केवी उपकेन्द्र संचालन के लिए 2024 में जेबीएस इंटरप्राइजेज मुंबई को ठेका दिया गया था। लेकिन उस समय जेबीएस इंटरप्राइजेज मुंबई कंपनी द्वारा वेतन भुगतान न करने की स्थिति में सीएसपीडीसीएल द्वारा जेबीएस इंटरप्राइजेज मुंबई कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया। ब्लैक लिस्ट करते हुए 33/11 केवी ठेका उपकेन्द्र ऑपरेटरी को सीएसपीडीसीएल द्वारा लगातार 11 माह तक ईपीएफ और ईएसआईसी की राशि काट कर विभागीय वेतन भुगतान किया गया। किंतु उक्त समय में कटौती की गई ईपीएफ और ईएसआईसी की राशि आज दिनांक तक जमा नहीं किया गया है। उनके द्वारा कई बार पत्राचार किया गया और धरना प्रदर्शन, हड़ताल भी किया गया। तब उच्च अधिकारियों द्वारा उन्हें आश्वासन दिया गया कि जल्द ही ईपीएफ की राशि सभी कर्मचारियों के खाते में जमा कर दी जाएगी, किंतु हर बार उन्हें झूठा आश्वासन दिया गया। जिसे लेकर आक्रोशित जिले के समस्त 33/11केवी उपकेन्द्र ऑपरेटर सामूहिक अवकाश पर हैं। 2024 से लंबित ईपीएफ राशि जमा कराने के लिए उन्होंने बुधवार को घंटाघर से कलेक्ट्रेट तक पैदल रैली निकाली। कलेक्ट मुख्य गेट पर उन्होंने तहसीलदार बजरंग साहू को ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान बड़ी संख्या में आंदोलनकारी कर्मी रैली में शामिल हुए।















