एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में केबल लूट/चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, अपचारी बालक निरुद्ध

Must Read


कोरबा। थाना बांकीमोंगरा पुलिस ने एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में हुई केबल लूट एवं चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं एक अपचारी बालक को निरुद्ध किया गया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त कर ली गई है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक चमन सिन्हा के नेतृत्व में बांकीमोंगरा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, जेटीपारा निवासी संजय कुमार लहरे ने थाना बांकीमोंगरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 मई 2026 की रात करीब 1:30 बजे कुछ आरोपी एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में जबरन घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौच, मारपीट और धमकी देते हुए पाइप, एंगल तथा लगभग 100 मीटर केबल लूटकर ले गए। घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 1147/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी अर्जुन सिंह और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी अर्जुन सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BS 7092 जप्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटा गया केबल फरार आरोपी दीपक केंवट उर्फ अंक के पास है। पुलिस उसकी एवं एक अन्य साथी की लगातार तलाश कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी एवं अपचारी बालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

- Advertisement -
Latest News

नाशपाती की फसल बनी किसानों के जीवन यापन का महत्वपूर्ण साधन,देखिए विडिओ

जशपुर 26 मई 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर में किसानों को फलों की खेती के...

More Articles Like This