KORBA उपचुनाव : अनुभवी भाँचा बहु को मिला आशीर्वाद ,भतीजे विजय को मिली पराजय ,प्रभा रामप्रसाद कंवर के सिर सजा ताज ,491 मतों से जीत दूसरी बार बनीं सलिहाभांठा की सरपंच

Must Read

कोरबा । त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के अंतर्गत करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच के रिक्त पद के लिए सोमवार को हुए मतदान में मतदाताओं ने नवाचार बनाम अनुभव की जंग में अनुभव को चुना। रिकार्ड 491 मतों से जीतकर श्रीमती प्रभा राम प्रसाद कंवर दूसरी बार सलिहाभांठा की सरपंच निर्वाचित हुई हैं।

गौरतलब हो कि त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव के अंतर्गत सोमवार को करतला विकासखंड के ग्राम पंचायत सलिहाभांठा (पूर्व सांसद डॉ.बंशीलाल महतो का गृह ग्राम एवं पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के गृह ग्राम) में सरपंच के रिक्त पद को लेकर चुनाव संपन्न कराया गया । मैदान में एक तरफ पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के भांजा बहु प्रभा देवी रामप्रसाद कंवर थीं जिनके पास सफलतापूर्वक एक पंचवर्षीय कार्यकाल पूरा करने का अनुभव था,तो दूसरी ओर ननकीराम कंवर के ही सगे भतीजे चुनावी मैदान में थे। एक कार्यानुभव के जरिए मतदाताओं का आशीर्वाद मांग रही थीं तो एक नवाचार ,सर्वागींण विकास के वादों के साथ मतदाताओं से बदलाव के बयार की उम्मीद में चुनावी मैदान में उतरे थे।कड़ी धूप के बावजूद मतदाताओं ने बढ़चढ़कर मतदान भी किया। 1456 मतदाताओं में से 1252 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग कर लोकतंत्र की मजबूती के लिए एक जिम्मेदार मतदाता (ग्रामीण) होने का प्रमाण दिया। लेकिन जैसे ही शाम 5 बजे मतपत्र की गिनती के बाद मौखिक रूप से चुनावी परिणाम सामने आए प्रभा कंवर की खुशियों का ठिकाना न रहा। भाँचा बहु V भतीजे की जंग में मतदाताओं ने भाँचा बहु को अपना मतदान रूपी आशीर्वाद देकर दूसरी बार ग्राम सरपंच की कुर्सी प्रदान कर दी। और बदलाव की आश लगाए बैठे भतीजे विजय कंवर के हिस्से में निराशा और इंतजार आई। हालांकि पहली बार ही चुनावी मैदान में उतरे विजय कंवर को मिले 337 मतों को भी कमतर नहीं आंका जा सकता। अल्पसमयावधि में चुनावी मैदान में उतरे विजय कंवर ने ग्राम की चुनावी फिजा को दिलचस्प बना दिया था। हालांकि नतीजों में विजय को पराजय मिलने के बाद सारी अटकलों पर विराम लग गया।

491 मतों से जीत ,सलिहाभांठा बना गेम चेंजर

ग्राम पंचायत सलिहाभांठा के सरपंच पद के उपचुनाव में प्रभा देवी रामप्रसाद कंवर ने रिकार्ड 491 मतों के अंतर से जीत हासिल की । प्रभा को जहां सलिहाभांठा और बंधवाभांठा को मिलाकर कुल 868 मत मिले तो विजय कंवर को महज 377 मत ही मिले । दोनों गांव के मतों की बात करें तो सलिहाभांठा से प्रभा को कुल डाले गए 682 मतों में से 77% अर्थात 529 मत मिले ,जबकि विजय कंवर यहाँ से महज 141 वोट ही निकाल सके। 12 मत रिजेक्ट हुए । बात करें दोनों प्रत्याशियों के गृह ग्राम पंचायत की तो बंधवाभांठा से कुल डाले गए 579 मतों में से प्रभा रामप्रसाद कंवर को जहां 339 मत मिले तो विजय कंवर को महज 236 मत ही मिले । 4 मत रिजेक्ट हुए। स्पष्ट है दोनों गांव में प्रभा राम प्रसाद कंवर अर्थात ननकीराम कंवर के भाँचा बहु ने लीड बनाई । लेकिन
सलिहाभांठा ने गेम चेंजर की भूमिका निभाई। जहाँ प्रभा देवी को अप्रत्याशित रूप से 77 % से अधिक मत मिले। निर्वाचन विभाग द्वारा नियुक्त आरओ आधिकारिक रूप से चुनाव परिणाम की घोषणा कर विजयी अभ्यर्थी को सम्यक रूप से विजयी होने का प्रमाण पत्र जारी करेंगे।

जीत के बाद पूरे गांव में जश्न ,प्रभा रामप्रसाद कंवर ने जताया आभार

जीत के बाद नवनिर्वाचित सरपंच प्रभा रामप्रसाद कंवर के समर्थकों समेत समस्त ग्रामवासियों ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। पंचायत चुनाव में आपसी प्रतिद्वंदिता महज चुनाव तक सीमित रहते हैं ,सौहार्द नहीं बिगड़ता। इसकी बानगी भी चुनाव के बाद दिखी। स्वयं विजय ने प्रभा राम प्रसाद कंवर को जीत की बधाई दी तो प्रभा रामप्रसाद कंवर ने आभार जताया,ग्राम के विकास में सहयोग व मार्गदर्शन की अपेक्षा जताई। प्रभा देवी ने समस्त ग्राम वासियों का आभार जताते हुए ग्राम में सौहार्द बनाए रखते हुए ग्राम विकास के कार्यों को सतत रूप से आगे ले जाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

- Advertisement -
Latest News

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर शबरी सेवा संस्थान कोरबा ने दिलाई नशामुक्त भविष्य की शपथ

कोरबा 01 जून 2026/ विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन कोरबा के मार्गदर्षन में छत्तीसगढ़ शबरी...

More Articles Like This