कोरबा में प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ, विकास और जनकल्याण की उपलब्धियों से रूबरू हो रहे नागरिक

Must Read

कोरबा, 17 जून 2026 । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कोरबा में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी 17 से 19 जून तक शहर के घंटाघर स्थित स्मृति उद्यान के समीप लगाई गई है। प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक विकास कार्यों, आत्मनिर्भर भारत अभियान और विकसित भारत-2047 के विजन को आकर्षक छायाचित्रों और जानकारीपरक सामग्री के जरिए प्रदर्शित किया जा रहा है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन महामहिम राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित सुश्री लखनी साहू के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, गोपाल मोदी, जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया, डॉ. राजीव सिंह, पार्षद नरेंद्र देवांगन, अशोक चावलानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और आमजन उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह में अतिथियों ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इसके बाद भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए परिवर्तनकारी कार्यों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। गरीब कल्याण, किसान हितैषी योजनाएं, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, आधारभूत संरचना का विस्तार, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 जैसे विषयों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। रंगीन छायाचित्रों, ग्राफिक्स, आंकड़ों और सूचना पटलों के माध्यम से योजनाओं के प्रभाव और उपलब्धियों को सरल एवं आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

मुख्य अतिथि सुश्री लखनी साहू ने कहा कि बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। इन वर्षों में देश ने विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित किए हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग को मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी आम लोगों को सरकार की उपलब्धियों से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम है।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को 12 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

महापौर संजू देवी राजपूत ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए जिलेवासियों से इसका अवलोकन करने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया अभियान, लखपति दीदी योजना, विकसित भारत संकल्प अभियान तथा कृषि क्षेत्र में सुधारों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। ई-नाम प्लेटफॉर्म के माध्यम से कृषि विपणन को बढ़ावा देने और किसानों को मिलने वाले लाभों की भी जानकारी दी गई है।

इसके अलावा देश की आधारभूत संरचना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाली परियोजनाओं को भी विशेष स्थान दिया गया है। विश्व के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज, अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क का विस्तार, वंदे भारत ट्रेनें, सेमीकंडक्टर निर्माण, डिजिटल क्रांति और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

प्रदर्शनी में राष्ट्रीय सुरक्षा को सशक्त बनाने के लिए किए गए कार्यों को भी दर्शाया गया है। स्वदेशी रक्षा उत्पादन, रक्षा निर्यात में रिकॉर्ड वृद्धि और आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रक्षा क्षेत्र में हुए नवाचारों की जानकारी आमजन को दी जा रही है। वहीं छत्तीसगढ़ में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और हितग्राहियों की प्रेरक सफलता की कहानियों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है।

प्रदर्शनी स्थल पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से विकास परियोजनाओं, जनहितकारी योजनाओं और शासन की उपलब्धियों पर आधारित वृत्तचित्रों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। युवा, बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग सहित सभी आयु वर्ग के लोग प्रदर्शनी का अवलोकन कर इसकी सराहना कर रहे हैं।

जनसंपर्क विभाग द्वारा इस अवसर पर ‘जनमन’ पत्रिका, ‘सुशासन के नवीन आयाम’ सहित विभिन्न प्रचार-प्रसार सामग्री का निःशुल्क वितरण भी किया जा रहा है। जिला प्रशासन और जनसंपर्क विभाग ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं तथा देश की उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।

- Advertisement -
Latest News

विश्व साइकिल दिवस पर सामूहिक साइकिल रैली का आयोजन

कोरबा। फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर क्रीड़ा भारती, कोरबा एवं CMA किकबॉक्सिंग अकादमी, कोरबा...

More Articles Like This