कोरबा, 02 जुलाई। जिले में लगातार सामने आ रही हत्या, लूट, जानलेवा हमलों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के कोरबा शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जिले की कानून व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा कराने और शीर्ष पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
राठौर ने आरोप लगाया कि कोरबा में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में असफल रहे हैं।
पत्र में कई चर्चित घटनाओं का किया उल्लेख
कांग्रेस नेता ने अपने पत्र में जिले की कई चर्चित आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कोयला खदानों से लेकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों तक अपराधियों का दबदबा दिखाई दे रहा है। उन्होंने सरायपाली कोयला खदान में गोली मारकर हत्या, सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर डीजल और कबाड़ लूट, कबाड़ चोरी, भाजपा नेता की हत्या, महिला की निर्मम हत्या, ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश और अन्य गंभीर घटनाओं का हवाला दिया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मामलों में पुलिस कर्मियों की कथित मिलीभगत सामने आने के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई करनी पड़ी।
महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल
मुकेश राठौर ने महिला सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने बालको क्षेत्र में किशोरी से दुष्कर्म और पंप हाउस इलाके में युवती पर चाकू से हमले जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में महिलाओं की सुरक्षा भी गंभीर चिंता का विषय बन गई है।
उच्चस्तरीय समीक्षा की मांग
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जिले की कानून व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा कराई जाए, शीर्ष पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और अपराधियों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।















