कोरबा 2 जुलाई 2026। कोरबा जिले में नशे के कथित कारोबार का विरोध करना भाजपा किसान मोर्चा के एक नेता को भारी पड़ गया। आरोप है कि नशे के अवैध कारोबार का विरोध करने से नाराज बदमाशों ने बीजेेपी नेता पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप सेे घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले कार में जमकर तोड़फोड़ की, फिर दहशत बनाने के लिए लाठी-डंडों से बीजेपी नेता की बेरहमी से पिटाई करने के बाद 60 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक मामला रजगामार पुलिस चैकी क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि भुलसीडीह निवासी कपिलेश्वर धीरज भाजपा किसान मोर्चा के मंडल मंत्री है। कपिलेश्वर का निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास दुकान संचालित है। बुधवार देर रात दुकान बंद कर घर लौटते समय गांव के कुछ लोगों ने कथित तौर पर उसका रास्ता रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने एकाएक उसकी कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। कपिलेश्वर धीरज का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके पास रखे 60 हजार रुपये नकद भी लूट लिए।
हमले के बाद आरोपी उसे मृत समझकर बेहोशी की हालत में मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। घायल भाजपा नेता का कहना है कि निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर और आसपास के गांवों में गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार चल रहा है। इस कारोबार की वजह से गांव के स्थानीय युवा और बच्चे भी नशे की चपेट में आ रहे हैं। जब उसने कथित तौर पर इस गतिविधि का विरोध किया और संबंधित लोगों को समझाने की कोशिश की, तभी से उन्हे धमकियां मिल रही थीं।
कांग्रेस नेता के बेटे और पुलिस वाहन चालक पर आरोप
घायल कपिलेश्वर धीरज ने आरोप लगाया है कि इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य आरोपी अरुण खांडे है, जो कि एक स्थानीय कांग्रेस नेता का बेटा है, जबकि संदीप कुमार पुलिस चौकी में सरकारी वाहन का चालक है। कपिलेश्वर का दावा है कि संदीप अपने पद का रौब दिखाकर उसे लगातार धमकाता था।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा में लगातार सामने आ रहे नशे के मामलों के बीच इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि नशे के कथित कारोबार का विरोध करने पर इस तरह के हमले हो रहे हैं, तो यह स्थानीय लोगों की सुरक्षा चिंता का विषय है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में घायल का बयान दर्ज कर मामलेे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घायल बीजेपी नेता पर हुए हमले, लूट और पीड़ित द्वारा लगाए गए अन्य गंभीर आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















