कोरबा। सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। विशेष जांच अभियान के दौरान जिलेभर में 20 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा जिले के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट लगाकर ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान 8 चार पहिया और 12 दो पहिया वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी मामलों में नियमानुसार आगे की न्यायालयीन प्रक्रिया की जा रही है।
कोरबा पुलिस के अनुसार 1 जनवरी 2026 से अब तक कुल 1,143 वाहन चालकों के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शराब पीकर वाहन चलाना शामिल है। नशे की हालत में चालक की निर्णय क्षमता और प्रतिक्रिया समय प्रभावित हो जाता है, जिससे गंभीर हादसों की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे हादसों में चालक के साथ-साथ अन्य निर्दोष लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
कोरबा पुलिस की अपील
शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं।
यदि शराब का सेवन किया है तो टैक्सी, चालक या अन्य सुरक्षित परिवहन का उपयोग करें।
परिवार और मित्रों को भी नशे में वाहन चलाने से रोकें।
हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
नशे में वाहन चलाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए इस तरह की विशेष कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।















