ऊर्जाधानी के युवाओं के हक की लड़ाई लड़ने का संकल्प, ब्लॉक अध्यक्ष प्रत्याशी अदनान मेमन ने जारी किया 5-सूत्रीय विजन

Must Read

कोरबा। युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष (कोरबा शहर) पद के प्रत्याशी अदनान मेमन ने चुनाव प्रचार के दौरान अपना 5-सूत्रीय संकल्प पत्र जारी करते हुए युवाओं, कार्यकर्ताओं और शहर के विकास को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत करना, स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाना और कार्यकर्ताओं को सम्मान दिलाना है।


अदनान मेमन ने कहा कि यदि उन्हें युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी मिलती है, तो वे कोरबा के उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करेंगे। उन्होंने दावा किया कि SECL, BALCO और NTPC जैसे बड़े उद्योगों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दिलाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर आवाज बुलंद की जाएगी।


उन्होंने संगठन में गुटबाजी समाप्त कर जमीनी कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और पहचान दिलाने का भी संकल्प जताया। साथ ही शहर में बढ़ते फ्लाई ऐश (राखड़) प्रदूषण और अवैध डंपिंग के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने की बात कही।


युवाओं की शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को ध्यान में रखते हुए अदनान मेमन ने फ्री स्टडी मटेरियल, डिजिटल लाइब्रेरी और मार्गदर्शन केंद्र शुरू करने का वादा किया। इसके अलावा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए वार्ड स्तर पर खेल मैदानों के जीर्णोद्धार, ओपन जिम और हर वर्ष “ऊर्जाधानी ब्लॉक यूथ कप” आयोजित कराने का संकल्प भी व्यक्त किया।


इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वे चुनाव के समय दिखाई देने वाले नेता नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में युवाओं और कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहने वाले साथी बनना चाहते हैं। उन्होंने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।


अंत में उन्होंने नारा दिया— “लड़ेंगे, जीतेंगे… युवाओं को उनका हक दिलाएंगे।”

- Advertisement -
Latest News

सरगुजा में BJP कार्यकर्ता को थाने ले जाने का मामला, आकांक्षा टोप्पो से विवाद को लेकर सियासी हलचल,देखिए विडिओ

सरगुजा। सरगुजा में एक BJP कार्यकर्ता को पुलिस द्वारा थाने ले जाने का मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन...

More Articles Like This