कोरबा,कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत के निर्देश पर शहर में सड़क पर घूमने वाले आवारा एवं घुमंतू मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों को तत्काल पकड़कर उनके मालिकों की पहचान की जाए तथा नियमानुसार जुर्माना वसूलने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने पशुधन विकास एवं पशु चिकित्सा विभाग को भी निर्देशित किया है कि नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर शहर में घूमने वाले मवेशियों के चिन्हांकन एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उनके निर्देशानुसार पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने नगर निगम के सहयोग से कोरबा शहर के निहारिका एवं घंटाघर क्षेत्र में विशेष अभियान संचालित किया।
अभियान के दौरान सड़क पर विचरण कर रहे घुमंतू मवेशियों को रेडियम बेल्ट पहनाई गई, ताकि रात्रि के समय वाहनों की रोशनी पड़ने पर मवेशी दूर से दिखाई दें और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। साथ ही मवेशी पालकों को अपने पशुओं को खुला छोड़ने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रखने तथा सड़क पर नहीं छोड़ने की समझाइश भी दी गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की सड़कों पर मवेशियों को खुला छोड़ना आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में संबंधित पशु मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जाएगा। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से मवेशियों की धरपकड़, रेडियम बेल्ट लगाने और जनजागरूकता की कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि सड़क सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें तथा यदि कहीं आवारा मवेशी सड़क पर दिखाई दें तो इसकी सूचना नगर निगम या संबंधित विभाग को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।















