कोरबा, 1 अगस्त। जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा संचालित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए पौधों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में निहारिका टॉकीज के सामने हाल ही में लगाए गए एक पौधे को क्षति पहुंचाने के मामले में संबंधित व्यक्ति पर 1500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने जांच के बाद भरतलाल नामक व्यक्ति पर जुर्माना लगाया तथा भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की कड़ी चेतावनी दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय संपत्ति एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से लगाए गए पौधों को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इधर, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शनिवार को ब्लू बर्ड स्कूल से सुभाष चौक तक मुख्य मार्ग पर व्यापक वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने पौधे लगाकर हरित कोरबा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय के निर्देशन में वन विभाग के सहयोग से 18 जुलाई से शुरू हुआ यह सघन वृक्षारोपण अभियान लगातार जारी है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में नगर निगम के अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, जोन कमिश्नर एन.के. नाथ, सहायक अभियंता पीयूष राजपूत, उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर, बलराम दुबे सहित अन्य अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।
रोपित पौधे को नुकसान पहुंचाने पर 1500 रुपये का जुर्माना, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगातार जारी वृक्षारोपण
Must Read
- Advertisement -















