कोरबा, 1 अगस्त। कोरबा पुलिस ने दीपका स्थित यूनियन बैंक की शाखा में सेंधमारी कर चोरी का प्रयास करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए हरियाणा के रोहतक से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जप्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को प्रगतिनगर दीपका स्थित यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक ने थाना दीपका में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने बैंक के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करने और चोरी का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a), 331(4) एवं 62 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से प्राप्त सूचना और लगातार जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने हरियाणा के रोहतक पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीतेन्द्र बड़क (33 वर्ष) एवं परवीन कुमार (36 वर्ष), दोनों निवासी रोहतक (हरियाणा), के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार क्रमांक HR 12 AY 6504 जप्त की है।
दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की गई है तथा उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को कोरबा पुलिस की संगठित अपराधों के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा अपराध संबंधी सूचना तत्काल अपने निकटतम थाना, चौकी या डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
“सतर्क नागरिक – सुरक्षित समाज” के संदेश के साथ कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपराध नियंत्रण में सहयोग की अपील की है।















