जांजगीर-चांपा,4अगस्त 2026। यूको बैंक से ₹1 करोड़ का लोन दिलाने का झांसा देकर ₹10.87 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, बैंक के मोनो और फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए लोगों को भरोसे में लेकर रकम ऐंठता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल के नेतृत्व में की गई।
लोन दिलाने के नाम पर ऐसे बिछाया ठगी का जाल
शिवनगर चांपा निवासी आशुतोष अग्रवाल ने 16 जून 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार वर्ष 2022 में उनकी पहचान अखबार के माध्यम से कुलदीप वशिष्ठ से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को बैंकिंग कार्यों से जुड़ा बताते हुए यूको बैंक से ₹1 करोड़ का लोन स्वीकृत कराने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने लोन स्वीकृति के लिए ₹5 लाख की फिक्स डिपॉजिट और करीब ₹5 से ₹6 लाख अतिरिक्त खर्च होने की बात कही। विश्वास जीतने के लिए उसने फर्जी लोन स्वीकृति पत्र, बैंक मोनो और फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया।
आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी ने ₹1 लाख नकद, ₹25 हजार फोन-पे, ₹7 लाख आरटीजीएस तथा ₹2,54,285 अलग-अलग किश्तों में ऑनलाइन भुगतान कर दिए। इस तरह आरोपी ने कुल ₹10,87,285 की रकम ठग ली।
साइबर तकनीक से आरोपी तक पहुंची पुलिस
शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 259/25, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने साइबर तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी जुटाई।
पुलिस टीम इंदौर पहुंची और आरोपी कुलदीप वशिष्ठ (41) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर चांपा लाया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
कुलदीप वशिष्ठ, पिता स्व. दिनेश वशिष्ठ, उम्र 41 वर्ष, निवासी रायपुर, वर्तमान पता एलाईट अपेक्स, महालक्ष्मी नगर, थाना लसूड़िया, जिला इंदौर (मध्यप्रदेश)।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक गौरीशंकर राय, आरक्षक माखन साहू सहित थाना चांपा के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।















