कोरबा :- “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस द्वारा अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मानिकपुर सहायता केंद्र पुलिस ने मारपीट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कैंची बरामद की है। वहीं अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर 6 लीटर शराब जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को मारपीट की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 666/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मानिकपुर सहायता केंद्र पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। उपलब्ध साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर पुलिस ने फैजान खान (19) निवासी मुड़ापार रामनगर और निखिल थवाईत (19) निवासी मुड़ापार निषादपारा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त कैंची बरामद कर जब्त की गई। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।
इसी तरह 9 अगस्त को पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली कि कदमहाखार उरांव बस्ती निवासी झंगलू उरांव अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। उसके कब्जे से 6 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब 600 रुपये है, बरामद की गई। शराब बिक्री से प्राप्त 100 रुपये नकद भी जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।















