कानपुर देहात :जिलाधिकारी आलोक सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग व व्यापार बन्धु की मासिक बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष कलेक्ट्रेट में संपन्न हुई। बैठक में रनियां औद्योगिक क्षेत्र के सर्विस रोड से विद्युत पोल हटाए जाने के संबंध में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि लगभग पोल हटा लिये गये है, करीब आठ पोल हटाये जाने बाकी है, जिन्हें एक सप्ताह के अन्दर स्थानान्तरित करा दिया जायेगा। जिलाधिकारी द्वारा सर्विस रोड के समीप स्थित विद्युत पोलों में रेडियम स्टीकर लगाने के निर्देश दिये। रनियां में ओवर ब्रिज के सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि प्रस्ताव हेडक्वाटर स्तर पर भेजा गया है, स्वीकृत होने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी।
वही औद्योगिक क्षेत्र के सड़कों के सम्बन्ध में लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि प्रस्ताव भेजे गयें है, स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य करायें जायेंगे। जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र के सड़कों व नालियों का अभियान चलाकर गड्ढा भराने व नालियों की सफाई कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को औद्योगिक क्षेत्र से सम्बन्धित शिकायतों त्वरित संज्ञान लेकर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। रनियां में मोबाइल फायर सर्विस वैन तैनात करने के भी निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिये गये।
औद्योगिक क्षेत्र में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाये जाने के निर्देश सम्बन्धित को दिये गये। उन्होंने कहा कि संयुक्त टीम भेजकर औद्योगिक क्षेत्र से सम्बन्धित समस्याओं का निस्तारण कराया जाये। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि औद्योगिक क्षेत्र से सम्बन्धित सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाये। उन्होंने जीएम डीआईसी को निर्देशित किया कि उद्यमियों की शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर निस्तारण करायें।
तत्पश्चात व्यापारी बन्धुओं द्वारा उठाई गयी विभिन्न समस्याओं के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण करायें जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि व्यापारी बन्धुओं द्वारा की जा रहीं शिकायतों का संवेदनशील होकर निस्तारण कराया जाये। बैठक में उपायुक्त राज्य कर द्वारा व्यापारी बन्धुआें को राज्य सरकार द्वारा चलायीं जा रहीं योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, परियोजना निदेशक वीरेन्द्र सिंह, उपायुक्त उद्योग मोहम्मद सउद, एआईजी स्टाम्प, उपायुक्त राज्यकर सहित सम्बन्धित अधिकारीगण, उद्यमी, व्यापारी बंधु आदि उपस्थित रहे।















