छत्तीसगढ़ में 56 नए सिविल जजों की पदस्थापना, 15 न्यायिक अधिकारियों का तबादला

Must Read
  • हाईकोर्ट ने जारी किए आदेश, सभी नए न्यायिक अधिकारियों को 29 अगस्त तक कार्यभार संभालने के निर्देश

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने प्रदेश में न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 56 नए सिविल जजों की पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाएं भी की गई हैं। नए सिविल जजों को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी को अपने नए पदस्थापना स्थल पर 29 अगस्त 2026 तक कार्यभार संभालना होगा।

लोक सेवा आयोग द्वारा कुछ महीने पहले सिविल जजों की चयन प्रक्रिया पूरी की गई थी। चयनित अभ्यर्थियों को निचली न्यायिक सेवा संवर्ग में शामिल कर प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद परिवीक्षा अवधि के दौरान उनकी पदस्थापना की गई है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल राजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, परिवीक्षा पर नियुक्त 56 सिविल जज कनिष्ठ श्रेणी को प्रदेश के विभिन्न जिलों की अदालतों में पदस्थ किया गया है। नए न्यायिक अधिकारियों की पदस्थापना से प्रदेश की अधीनस्थ अदालतों में न्यायिक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। अलग-अलग जिलों में न्यायाधीशों की संख्या बढ़ने से लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आने के साथ अदालतों के कामकाज को भी मजबूती मिलेगी।

पांच वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों का तबादला

हाईकोर्ट ने उच्च न्यायिक सेवा संवर्ग के पांच अधिकारियों का भी तबादला किया है। दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय के न्यायाधीश हरीश कुमार अवस्थी को रायपुर का प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। इसी तरह ममता पटेल को अंबिकापुर से बिलासपुर का द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से राजनांदगांव का तृतीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, नमिता मिंज भास्कर को धमतरी से जगदलपुर का द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और भूपत सिंह साहू को राजनांदगांव से दंतेवाड़ा का अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (त्वरित न्यायालय) बनाया गया है।

रायपुर और अंबिकापुर में भी नई जिम्मेदारी

रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत रायपुर की विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश बनाया गया है। वहीं अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) की जिम्मेदारी दी गई है।

मुंगेली के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट का भी तबादला

सिविल जज वरिष्ठ श्रेणी में सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से स्थानांतरित कर मुंगेली का मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तथा प्रथम सिविल जज वरिष्ठ श्रेणी बनाया गया है। इसके अलावा भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव में पदस्थ किया गया है। दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त न्यायाधीश रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर हाईकोर्ट में विशेष कार्य अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा सिविल जज कनिष्ठ श्रेणी संवर्ग के सात न्यायिक अधिकारियों के तबादले भी किए गए हैं।

- Advertisement -
Latest News

छत्तीसगढ़ के योगेश साहू ने केबीसी में जीते 50 लाख, 1 करोड़ के सवाल पर छोड़ा खेल

आईआईटी बॉम्बे के टॉपर रहे योगेश ने आईएएस बनने के लिए छोड़ी 1.5 लाख रुपये महीने की नौकरी, गांव...

More Articles Like This