धमतरी के कुरूद में 45 वर्षीय महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। नौकरी और सस्ते बिजली सामान का झांसा देकर गरियाबंद ले गए, पुलिस ने एक आरोपी गिरफ्तार किया।
कुरूद। धमतरी के कुरूद में 45 वर्षीय महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जहां 45 वर्षीय महिला को सस्ते में बिजली का सामान दिलाने और कंपनी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर गरियाबंद ले गया, वापस लौटते समय मंदरौद की नर्सरी में दरिंदों ने महिला से दुष्कर्म को अंजाम दिया। इस मामले में कुरूद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
झांसा देकर महिला को गरियाबंद ले गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, बालोद जिले की रहने वाली महिला की पहचान ग्राम बगदई निवासी महेंद्र कुमार साहू से थी। महेंद्र बिजली मिस्त्री का काम करता है, उसने महिला को सस्ते दाम पर बिजली का सामान उपलब्ध कराने और किसी कंपनी में नौकरी लगवाने की बात कही। महिला झांसे में आकर 5 अगस्त को उसके साथ गरियाबंद गई थी। गरियाबंद से वापस लौटते समय महेंद्र अपने एक साथी के साथ महिला को मगरलोड क्षेत्र के रास्ते मंदरौद स्थित नर्सरी ले गया। महिला का आरोप है कि शाम करीब 7 बजे नर्सरी में दोनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
महिला ने घटना के बाद 22 अगस्त को कुरूद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने महेंद्र कुमार साहू के खिलाफ बीएनएस की धारा 70(1) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने खोज-बीन के बाद 23 अगस्त को महेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना में शामिल दूसरे आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार पतासाजी कर रही है।

















