कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में 220 केवी विद्युत लाइन के एल्युमिनियम केबल चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मिश्रा ट्रेडर्स के यार्ड में खुले क्षेत्र में रखे विद्युत केबल चोरी होने की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का तार तथा वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार मिश्रा ट्रेडर्स के यार्ड से 31 अगस्त की रात करीब 10.30 बजे के बाद 220 केवी विद्युत लाइन में उपयोग होने वाले एल्युमिनियम तार चोरी किए गए थे। प्रत्येक बिट की लंबाई करीब 15 मीटर बताई गई है। चोरी गए तार की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये थी। प्रार्थी की शिकायत पर 5 सितंबर को उरगा थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भिलाई खुर्द निवासी राकेश पटेल ने चोरी का केबल अपनी बाड़ी में छिपाकर रखा है।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेही से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर मिश्रा ट्रेडर्स के यार्ड से एल्युमिनियम केबल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी केबल को घर के पीछे बाड़ी में ले जाकर उसका एल्युमिनियम अलग किया गया और बाद में कबाड़ी को बेच दिया गया। पुलिस अब चोरी में शामिल अन्य आरोपियों और चोरी की शेष संपत्ति के संबंध में जांच कर रही है।मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने राकेश पटेल (30), पिता स्व. राम प्रसाद पटेल, निवासी भिलाई खुर्द पुल के पास, थाना उरगा को 5 सितंबर की शाम गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई और उसे गिरफ्तारी के आधार से अवगत कराया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
ट्रैक्टर-मोटरसाइकिल सहित तार बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 12 बीटी 7571 और ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 12 बीबी 0653 के साथ करीब एक टन जीआई तार/चोरी का तार बरामद किया है। पुलिस ने बरामद सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया है।

















