कोरबा। शहर की सीएसईबी कॉलोनी में उस समय परिवार के सदस्य हैरान रह गए, जब उनकी बाइक की सीट के अंदर पीले रंग का एक साँप छिपा हुआ मिला। स्थिति को देखते हुए परिवार ने तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम नोवा नेचर के प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी। मौके पर पहुँची रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद साँप को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, सीएसईबी कॉलोनी निवासी तमुली परिवार की बाइक के अंदर साँप छिपा हुआ था। सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। बाइक की सीट खोलकर सावधानीपूर्वक जाँच की गई, तो उसके अंदर पीले रंग का साँप दिखाई दिया। रेस्क्यू टीम ने बिना नुकसान पहुँचाए साँप को बाहर निकाला। पहचान के दौरान साँप रैट स्नेक (धामन) पाया गया, जो विषहीन होता है।
रेस्क्यू के बाद साँप को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया। साँप के सुरक्षित निकलने के बाद तमुली परिवार ने राहत की साँस ली और रेस्क्यू टीम के प्रति आभार जताया।
ठंड बढ़ने पर गर्म स्थानों की तलाश करते हैं साँप
नोवा नेचर के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने बताया कि मौसम में ठंडक बढ़ने पर साँप सहित कई सरीसृप अनुकूल तापमान वाले स्थानों की तलाश कर सकते हैं। इस दौरान वे कभी-कभी वाहनों की सीटों के नीचे, इंजन के आसपास या अन्य सुरक्षित स्थानों में छिप जाते हैं।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि बाइक या अन्य वाहन का इस्तेमाल करने से पहले उसकी सीट के आसपास और ऐसे स्थानों की जाँच जरूर करें, जहाँ साँप छिपा हो सकता है। यदि कहीं साँप दिखाई दे, तो उसे स्वयं पकड़ने या भगाने का प्रयास न करें, बल्कि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की सहायता लें।
साँप काटने पर तुरंत अस्पताल पहुँचें
जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की कि साँप काटने की स्थिति में बिना देरी किए ऐसे अस्पताल पहुँचें, जहाँ सर्पदंश का उचित उपचार उपलब्ध हो। झाड़-फूँक, अंधविश्वास या घरेलू उपचार में समय बर्बाद न करें। समय पर चिकित्सकीय उपचार जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
साँप के रेस्क्यू के लिए संपर्क करें:
- 📞 8817534455
- 📞 7999622151
JB News Korba | मनीष जायसवाल

















