मुड़ापार बाजार के पास वारदात से मचा हड़कंप, पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा; मृतक की पहचान और आरोपी की तलाश जारी
कोरबा। कोरबा शहर से लगे मुड़ापार बाजार क्षेत्र में रावण दहन के बाद हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के दौरान एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान और आरोपी की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। मुड़ापार बाजार के समीप रावण दहन मैदान के पीछे स्थित बस्ती में एक पुराने पेड़ के पास किसी बात को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने दूसरे पर चाकू से लगातार कई वार कर दिए। बताया जा रहा है कि हमलावर ने करीब आधा दर्जन बार वार किए, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तत्काल मानिकपुर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
आला पुलिस अधिकारी मौके पर, जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर सहित पुलिस स्टाफ मौके पर मौजूद रहा। पुलिस मृतक की पहचान करने, विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाने और फरार हमलावर की तलाश में जुटी है।
रावण दहन के बाद हत्या से क्षेत्र में सनसनी
रावण दहन के उत्सवी माहौल के बाद हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। फिलहाल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतक और आरोपी की पहचान तथा विवाद के कारणों को लेकर पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
JB News Korba | मनीष जायसवाल















