कोरबा। ग्राम बतरा में अवैध शराब की बिक्री और सेवन को लेकर महिला समूह द्वारा की गई शिकायत पर पाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में जांच और दबिश दी। हालांकि, पुलिस की जांच के दौरान मौके पर न तो कोई व्यक्ति शराब पीते हुए मिला और न ही अवैध रूप से शराब बेचने की पुष्टि हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बतरा के महिला समूह द्वारा पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा के समक्ष गांव में अवैध शराब बिक्री की शिकायत करते हुए इसे बंद कराने की मांग की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कटघोरा के मार्गदर्शन में थाना पाली पुलिस की टीम तत्काल ग्राम बतरा पहुंची।

पुलिस टीम ने शिकायत में बताए गए स्थानों एवं संदिग्ध ठिकानों पर सघन जांच करते हुए रेड की कार्रवाई की। इस दौरान मद्यपान एवं अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद लोगों की जांच की गई। लेकिन पुलिस को न तो कोई व्यक्ति शराब का सेवन करते मिला और न ही अवैध शराब अथवा कोई संदिग्ध सामग्री बरामद हुई।
महिला समूह को पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा
थाना पाली पुलिस ने गांव के गणमान्य नागरिकों एवं महिला समूह के सदस्यों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि अवैध शराब बिक्री या सेवन की कोई सूचना मिलती है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, ग्राम बतरा में महिला समूह की शिकायत पर पुलिस की जांच में अवैध शराब बिक्री एवं सेवन की पुष्टि नहीं हुई है।















