कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत दीपका पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 पौवा रोमियो देशी प्लेन शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की है।
ऐसे ही खबर देखने के लिए चैनल को सब्सक्राइब जरूर करे।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना दीपका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर दीपका से दर्री की ओर जा रहे हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 57 पौवा रोमियो देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत लगभग 5 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई। साथ ही घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय यादव (26 वर्ष) निवासी अयोध्यापुरी दर्री तथा संदीप साहू (21 वर्ष) निवासी जेलगांव चौक, दर्री शामिल हैं। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।















