कोरबा | JB News Korba | मनीष जायसवाल
कोरबा पुलिस के “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बलवा, मारपीट, रास्ता रोककर लूट और जानलेवा हमले के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे का रॉड और लूटी गई ₹60 हजार की नकदी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, नव निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने प्रार्थी का रास्ता रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए लोहे के रॉड और हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। आरोपियों ने प्रार्थी की कार में तोड़फोड़ कर जान से मारने की धमकी दी और उसके पास रखी ₹60,000 की नकदी लूटकर फरार हो गए।
मामले की शिकायत मिलने पर बालको थाना अंतर्गत रजगामार चौकी पुलिस ने अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन, लोहे का रॉड और लूटी गई नकदी बरामद कर जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मी नारायण खाण्डे (48 वर्ष), संदीप खाण्डे (22 वर्ष), गंगासागर खाण्डे (39 वर्ष) और अरुण खाण्डे (24 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी रजगामार, जिला कोरबा के निवासी हैं। चारों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
JB News Korba Chhattisgarh
रिपोर्ट: मनीष जायसवाल















